ब्रह्माकुमारीज संस्था की पहल, स्कूलों और गांवों में राजयोग के माध्यम से नशामुक्त समाज का संदेश

बालोद। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, आत्मज्ञान भवन आमापारा, बालोद के तत्वावधान में संस्था की पूर्व मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि जी के पुण्य स्मृति दिवस के अवसर पर “10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान” का शुभारंभ किया गया है। इस अभियान के तहत बालोद विकासखंड के विद्यालयों एवं गांवों में व्यापक स्तर पर नशा मुक्ति प्रतिज्ञा कराई जा रही है।
प्रतिदिन 9 स्कूल और 3 गांवों में चल रहा अभियान
ब्रह्माकुमारीज बालोद की मुख्य संचालिका बी.के. विजयलक्ष्मी दीदी ने बताया कि संस्था के भाई-बहनों की अलग-अलग टीमें प्रतिदिन 9 विद्यालयों और 3 गांवों सहित कुल 12 स्थानों पर पहुंचकर नशा मुक्ति अभियान चला रही हैं। इस दौरान प्रतिदिन एक हजार से अधिक लोगों को नशा छोड़ने की प्रतिज्ञा दिलाई जा रही है।
राजयोग से मजबूत बनता है मन
बी.के. विजयलक्ष्मी दीदी ने कहा कि राजयोग एक ऐसा प्रभावशाली माध्यम है, जिसके अभ्यास से मन को शक्तिशाली बनाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि अधिकांश लोग कमजोर मनोबल के कारण नशे की लत से बाहर नहीं निकल पाते, लेकिन राजयोग का नियमित अभ्यास व्यक्ति के आत्मबल को बढ़ाता है और नशा छोड़ना आसान हो जाता है। संस्था की शिक्षाओं के माध्यम से लोगों को आत्मजागृति और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
22 अगस्त तक चलेगा अभियान

संस्था के अनुसार यह विशेष नशा मुक्ति अभियान 22 अगस्त तक बालोद विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों एवं गांवों में संचालित किया जाएगा। अभियान को शिक्षकों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों का सकारात्मक सहयोग और उत्साहजनक प्रतिसाद मिल रहा है।
सिर्फ प्रतिज्ञा नहीं, व्यक्तित्व निर्माण भी उद्देश्य
ब्रह्माकुमारीज संस्था का कहना है कि अभियान का उद्देश्य केवल नशा मुक्ति की शपथ दिलाना नहीं, बल्कि लोगों के मन को सशक्त बनाकर उन्हें सकारात्मक जीवन की ओर प्रेरित करना है। इसी उद्देश्य से संस्था प्रत्येक वर्ष विभिन्न विद्यालयों में निःशुल्क राजयोग शिविरों का आयोजन करती है। यदि कोई विद्यालय इच्छुक हो, तो वहां भविष्य में भी नियमित रूप से ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा सकते हैं।
(स्रोत: प्रेस विज्ञप्ति)










