जुंगेरा के बंजारी मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ पूजन, 10 अगस्त से जिलेभर में निकलेगी समरसता संकल्प कलश यात्रा
बालोद। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर उनकी जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर, वाराणसी से लाई गई पावन माटी युक्त पवित्र कलश का बुधवार को बालोद जिले में श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ भव्य स्वागत किया गया। जिला मुख्यालय पहुंचने से पहले कलश को जुंगेरा स्थित बंजारी मंदिर लाया गया, जहां वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पवित्र कलश के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
वाराणसी से रायपुर और फिर बालोद पहुंचा पवित्र कलश

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार संत गुरु रविदास महाराज के समरसता, समानता और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से वाराणसी स्थित संत रविदास घाट पर 1100 दीपों के दीपोत्सव, वैदिक अनुष्ठान और पूजा-अर्चना के बाद पवित्र कलश छत्तीसगढ़ लाया गया। रायपुर स्थित श्रीराम मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, संत-महात्माओं, समाज के प्रतिनिधियों एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में विधिवत पूजन के बाद इसे प्रदेश के सभी 36 संगठन जिलों के अध्यक्षों को सौंपा गया।
10 अगस्त से पूरे जिले में चलेगा समरसता अभियान
बालोद जिले की कलश यात्रा टोली ने पवित्र कलश को श्रद्धापूर्वक रथ में स्थापित कर जिले में प्रवेश कराया। भाजपा के अनुसार 10 अगस्त से यह पवित्र कलश जिले के सभी मंडलों का भ्रमण करेगा। यात्रा के माध्यम से संत गुरु रविदास महाराज के समरस समाज, सामाजिक समानता, भाईचारे और मानव कल्याण के संदेश को गांव-गांव तक पहुंचाने का अभियान चलाया जाएगा।
20 फरवरी 2027 तक चलेगा ‘समरसता संकल्प अभियान’

प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि प्रदेशभर में 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक “समरसता संकल्प अभियान” संचालित किया जाएगा। इस दौरान धार्मिक, सामाजिक एवं जनजागरण कार्यक्रमों के माध्यम से सामाजिक सद्भाव, एकता और समरसता का संदेश प्रसारित किया जाएगा।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और श्रद्धालु रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला महामंत्री राकेश छोटू यादव, संत रविदास जयंती कार्यक्रम के संयोजक एवं टोली सदस्य टीनेश्वर बघेल, कौशल साहू, सोमेश सोरी, जयलाल मालेकर, टी.आर. डहरे, जिला प्रवक्ता जितेंद्र साहू, जिला मंत्री प्रेम साहू, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष डॉ. मोना टूवानी, महामंत्री संगीता साहू, लोकेश श्रीवास्तव, अरुण साहू, अश्वन बारले, संजय साहू, दुर्जन साहू, वीरेंद्र साहू, छगन साहू, बंजारी मंदिर के पुजारी दिनेश द्विवेदी, सुदामा साहू, उपेंद्र चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
(स्रोत: प्रेस विज्ञप्ति, भाजपा जिला बालोद)











