DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

विश्व अंगदान दिवस पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियां तेज, रेड क्रॉस ने मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष को दिया आमंत्रण


अंगदान एवं देहदान करने वाले महादानियों को राजकीय सम्मान देने की पहल पर हुई सकारात्मक चर्चा

रायपुर। विश्व अंगदान दिवस के अवसर पर 13 अगस्त को राजभवन, रायपुर में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, छत्तीसगढ़ राज्य शाखा के चेयरमैन तोमन साहू के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से सौजन्य भेंट कर कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आमंत्रण दिया।

अंगदान को जनआंदोलन बनाने पर जोर

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के समक्ष प्रदेश में नेत्रदान, अंगदान एवं देहदान को जनआंदोलन का स्वरूप देने, व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने तथा अन्य राज्यों की तर्ज पर अंगदान एवं देहदान करने वाले महादानियों को राजकीय सम्मान (गार्ड ऑफ ऑनर) प्रदान किए जाने की पहल पर विस्तार से चर्चा की।

मुख्यमंत्री ने की पहल की सराहना

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस अभियान को मानवता और समाजहित से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण विषय बताते हुए रेड क्रॉस के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल द्वारा प्रस्तुत सुझावों पर सकारात्मक चर्चा करते हुए इस दिशा में आवश्यक सहयोग एवं सार्थक पहल का आश्वासन दिया।

विधानसभा अध्यक्ष से भी मिला प्रतिनिधिमंडल

प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से भी मुलाकात कर उन्हें राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया। साथ ही प्रदेश में अंगदान एवं देहदान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए उनके मार्गदर्शन और सहयोग का आग्रह किया।

ये रहे उपस्थित

इस अवसर पर रेड क्रॉस छत्तीसगढ़ के चेयरमैन तोमन साहू, पूर्व राज्य सचिव डॉ. प्रदीप साहू, ऑर्गन डोनेशन समिति के चेयरमैन रोशन लाल वर्मा, समिति सदस्य सुरेश निर्मलकर, आर्यन सिन्हा एवं केशव साहू उपस्थित रहे।

प्रदेशवासियों से की गई अपील

भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, छत्तीसगढ़ राज्य शाखा ने प्रदेशवासियों से नेत्रदान, अंगदान एवं देहदान जैसे महादान के प्रति जागरूक होकर इस मानवीय अभियान से जुड़ने की अपील की है। संस्था का कहना है कि एक व्यक्ति का अंगदान कई जरूरतमंद लोगों को नया जीवन दे सकता है और समाज में मानव सेवा की भावना को मजबूत बना सकता है।

You cannot copy content of this page