गुरुर/बालोद। बालोद जिले के गुरुर थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में शासकीय हाईस्कूल जगतरा के प्राचार्य मन्त्रम लाल ठाकुर (60 वर्ष) की मौत हो गई। हादसा ग्राम धानापुरी के पास हुआ, जहां वे सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटना के समय उन्होंने हेलमेट नहीं पहना था, जिससे सिर पर गंभीर चोट लगी और उनकी जान नहीं बच सकी।
स्कूल जाते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार ग्राम चूल्हापथरा निवासी मन्त्रम लाल ठाकुर बुधवार दोपहर करीब 12 बजे अपनी मोटरसाइकिल से शासकीय हाईस्कूल जगतरा ड्यूटी के लिए जा रहे थे। धानापुरी मार्ग पर मुख्य सड़क के किनारे वे दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में पड़े मिले। राहगीरों ने तत्काल 108 संजीवनी एंबुलेंस को सूचना दी।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घायल प्राचार्य को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरुर ले जाया गया, लेकिन सिर में गंभीर चोट लगने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना दोपहर करीब 1:30 बजे गुरुर पुलिस को दी गई।
हादसे की वजह की जांच जारी
गुरुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दुर्घटना मोटरसाइकिल अनियंत्रित होने से हुई या किसी अज्ञात वाहन की टक्कर के कारण। प्रारंभिक जांच में मोड़ पर बाइक फिसलने अथवा अनियंत्रित होने की आशंका जताई जा रही है।
शिक्षा जगत में शोक की लहर
प्राचार्य मन्त्रम लाल ठाकुर के आकस्मिक निधन की खबर मिलते ही शिक्षा विभाग, विद्यालय परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। सहकर्मियों और स्थानीय लोगों ने उनके निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
सड़क सुरक्षा संदेश: दोपहिया वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनें। यह दुर्घटना की स्थिति में गंभीर सिर की चोट से बचाने वाला सबसे प्रभावी सुरक्षा उपाय है।









