संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में दमदार प्रदर्शन, अब धमतरी में होगी अगली चुनौती
बालोद। जिले के उभरते पहलवान शुभम ढीमर ने संभाग स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया है। उनकी इस उपलब्धि से खेल प्रेमियों और जिले में खुशी का माहौल है।
एमजीएम दुर्ग कुश्ती संघ द्वारा एमजीएम क्लब, दुर्ग में आयोजित संभाग स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में राजनांदगांव, बालोद, धमतरी, खैरागढ़, दुर्ग सहित विभिन्न जिलों के पहलवानों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के आधार पर राज्य स्तरीय मुकाबलों के लिए खिलाड़ियों का चयन किया गया।
जय बजरंग अखाड़ा के खिलाड़ी ने दिखाई ताकत

जय बजरंग अखाड़ा व्यायाम शाला, बालोद के खिलाड़ी शुभम ढीमर ने अपने शानदार खेल कौशल से चयनकर्ताओं को प्रभावित किया और राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित हुए।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता का भी मिलेगा अवसर
आयोजकों के अनुसार राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता आगामी दिनों में धमतरी में आयोजित होगी। वहां उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।
चयन पर दी गई शुभकामनाएं
शुभम ढीमर के चयन पर प्रदेश कुश्ती संघ के पदाधिकारियों, दुर्ग जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष एवं कलार समाज के मंडलेश्वर शिवसागर सिन्हा, जय बजरंग अखाड़ा व्यायाम शाला के रामेश्वर ढीमर, नेमीचंद नाग, आनंद ढीमर, द्वारिका सिन्हा, विजय पारख, मुकेश यादव, अंगद साहू, रवि पटेल, जागेश साहू, तनवीर आलम, टीकम ढीमर, चुनेश साहू और बलवंत सहित अनेक खेल प्रेमियों ने बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।











