DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

जगन्नाथपुर स्कूल में बच्चों को सुरक्षा का पाठ, पॉक्सो कानून से लेकर साइबर अपराध तक दी गई महत्वपूर्ण जानकारी

मिशन वात्सल्य के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, विद्यार्थियों को बाल अधिकारों और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की दी गई जानकारी

बालोद। जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जगन्नाथपुर में मिशन वात्सल्य एकीकृत बाल संरक्षण सेवाओं के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बाल सुरक्षा, कानूनी अधिकारों और साइबर अपराधों से बचाव की विस्तृत जानकारी देकर जागरूक किया गया।

कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी अमित सिन्हा के मार्गदर्शन तथा जिला बाल संरक्षण अधिकारी गजानंद साहू के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में जिला बाल संरक्षण इकाई एवं चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम ने छात्र-छात्राओं को विभिन्न कानूनों और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी।

गुड टच–बैड टच और पॉक्सो कानून पर विशेष जोर

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को पॉक्सो अधिनियम-2012, किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम-2015, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम-2006, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, गुड टच–बैड टच, साइबर क्राइम तथा बाल अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही किसी भी प्रकार के शोषण, उत्पीड़न या संकट की स्थिति में सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया भी समझाई गई।

बच्चों को जागरूक और सुरक्षित बनाने पर जोर

वक्ताओं ने विद्यार्थियों से कहा कि किसी भी संदिग्ध या असुरक्षित स्थिति में डरने के बजाय अपने माता-पिता, शिक्षकों या चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 से तुरंत संपर्क करें। जागरूकता ही बच्चों की सुरक्षा का सबसे प्रभावी माध्यम है।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य के.के. गंगासागर, बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष कृष्णा साहू, मास्टर ट्रेनर भगवंतीन सिन्हा, चाइल्ड हेल्पलाइन के परियोजना समन्वयक वेदप्रकाश साहू, केस वर्कर कैलाश निषाद, जिला बाल संरक्षण इकाई की बसंती कतलाम, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page