DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

कलेक्टर व एसपी ने किया ‘राष्ट्रीय छात्र पर्यावरण प्रतियोगिता NSPC 2026’ के पोस्टर का विमोचन

बालोद। पर्यावरण संरक्षण गतिविधि टीम, जिला बालोद के तत्वावधान में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय छात्र पर्यावरण प्रतियोगिता (NSPC) 2026 के प्रचार-प्रसार एवं जनजागरूकता अभियान के तहत जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय में प्रतियोगिता के आधिकारिक पोस्टर का भव्य विमोचन किया गया।

इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी, जिला शिक्षा अधिकारी श्री दीपक दुबे, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती तारिणी पुष्पेंद्र चंद्राकर तथा जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री तोमन साहू ने संयुक्त रूप से पोस्टर का विमोचन कर प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के दौरान समिति के सदस्यों ने अधिकारियों को प्रतियोगिता की जानकारी देते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और उन्हें पौधे भेंट किए। अधिकारियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों एवं युवाओं में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए इस तरह के अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।

‘हर नागरिक की भागीदारी, पर्यावरण की जिम्मेदारी’ थीम पर आधारित यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों में प्रकृति संरक्षण, पर्यावरणीय जिम्मेदारी और हरित भविष्य के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने का प्रयास है। समिति के प्रतिनिधियों ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्रों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करना और उन्हें जिम्मेदार नागरिक के रूप में विकसित करना है।

कार्यक्रम में विनोद कुमार साहू (सह जिला कार्यवाह), कमलकांत साहू (जिला संयोजक), संजय साहू (जिला सह संयोजक), योगेश्वर प्रसाद साहू (गुण्डरदेही खंड संयोजक), रुपेश सोनकर (बालोद नगर संयोजक), छबीलाल कोराम (जल आयाम जिला संयोजक), पहलाद साहू, संतोष साहू, वैभव साहू, छगन यादव, कादम्बिनी यादव, पूजा जैन सहित मातृशक्ति स्वयंसेवकों एवं स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता निभाई।

समिति ने बताया कि राष्ट्रीय छात्र पर्यावरण प्रतियोगिता NSPC 2026 का पंजीयन 15 जुलाई से 15 सितंबर 2026 तक जारी रहेगा। इच्छुक विद्यार्थी पोस्टर में दिए गए QR कोड अथवा आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से पंजीकरण कर प्रतियोगिता में भाग ले सकते हैं। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी सुरक्षा करने तथा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी लिया।

You cannot copy content of this page