बालोद। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा कम्प्रेस्ड बायो-गैस (CBG) पॉलिसी 2026 को कैबिनेट की मंजूरी दिए जाने पर प्रदेश भाजपा महामंत्री यशवंत जैन ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं प्रदेश सरकार को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह नीति प्रदेश को स्वच्छ एवं वैकल्पिक ऊर्जा के क्षेत्र में नई दिशा देने वाला ऐतिहासिक निर्णय है।
यशवंत जैन ने कहा कि सीबीजी पॉलिसी 2026 के लागू होने से कृषि अवशेष, जैविक कचरा एवं अन्य जैविक संसाधनों का बेहतर उपयोग संभव होगा। इससे अपशिष्ट से ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा और पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में नए अवसर सृजित होंगे।
उन्होंने कहा कि कृषि प्रधान राज्य छत्तीसगढ़ में सीबीजी उत्पादन की व्यापक संभावनाएं हैं। नई नीति से किसानों, उद्यमियों और युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर विकसित होंगे। साथ ही प्रदूषण में कमी आएगी और प्रदेश की ऊर्जा आवश्यकताओं को वैकल्पिक एवं हरित स्रोतों से पूरा करने में सहायता मिलेगी।
भाजपा महामंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण और हरित ऊर्जा को भी समान प्राथमिकता दे रही है। सीबीजी पॉलिसी 2026 इसी दूरदर्शी सोच का परिणाम है, जो प्रदेश के सतत विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
यशवंत जैन ने प्रदेशवासियों की ओर से मुख्यमंत्री एवं छत्तीसगढ़ सरकार का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि यह नीति “कचरे से कंचन” और “स्वच्छ ऊर्जा से समृद्धि” की अवधारणा को साकार करने के साथ प्रदेश की अर्थव्यवस्था और रोजगार सृजन को भी नई गति प्रदान करेगी।











