DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

मिशन नवचेतना के तहत बालोद पुलिस का एक्शन जारी, अवैध शराब पर शिकंजा, नाबालिग वाहन चालकों के पालकों पर भी कार्रवाई

बालोद। जिले में “मिशन नवचेतना” के तहत नशामुक्त और सुरक्षित समाज बनाने की दिशा में बालोद पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण (भा.पु.से.) के निर्देशन में अवैध शराब के कारोबार, सार्वजनिक स्थानों पर नशाखोरी और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 5 अगस्त को जिलेभर में आबकारी और मोटरयान अधिनियम के तहत कई प्रकरण दर्ज किए गए।

अवैध शराब पर कार्रवाई, छह आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

अभियान के दौरान आबकारी अधिनियम के 5 प्रकरणों में 6 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। थाना बालोद क्षेत्र में अवैध रूप से 10 लीटर कच्ची महुआ शराब का परिवहन करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान शराब परिवहन में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। अन्य मामलों में सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई।

गिरफ्तार आरोपियों में बिरेन्द्र कुमार पोताई (मड़वापथरा) एवं भूपेन्द्र नेताम (मालगांव) शामिल हैं।

यातायात नियम तोड़ने वालों पर भी चला डंडा

सड़क सुरक्षा अभियान के तहत पुलिस ने मोटरयान अधिनियम के 40 प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए 17,300 रुपये का समन शुल्क वसूला।

कार्रवाई में शामिल प्रमुख मामले:

  • 2 प्रकरण मालवाहक वाहन में सवारी ढोने के
  • 1 प्रकरण बिना लाइसेंस वाहन चलाने का
  • 5 प्रकरण बिना हेलमेट
  • 7 प्रकरण बिना सीट बेल्ट
  • 25 अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के

नाबालिग वाहन चालकों के पालकों पर भी सख्ती

बालोद पुलिस ने नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के मामलों को गंभीरता से लेते हुए 30 प्रकरणों में उनके पालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की। पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे किसी भी स्थिति में नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें।

पुलिस की अपील

बालोद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अवैध शराब के कारोबार से दूर रहें, यातायात नियमों का पालन करें, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। साथ ही किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

You cannot copy content of this page