सीएम हेल्पलाइन, एग्रीस्टैक, लोक सेवा गारंटी और शिक्षा योजनाओं की प्रगति पर हुई विस्तृत समीक्षा
बालोद। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को प्रदेश के सभी जिलों के कलेक्टरों, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों की वर्चुअल बैठक लेकर प्रोजेक्ट असेसमेंट रिव्यू एंड एनालिसिस सिस्टम (पारस) पोर्टल के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में विभिन्न विभागों की छह प्रमुख परियोजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन पर मुख्यमंत्री ने संतोष जताते हुए अधिकारियों की सराहना की।
इन योजनाओं की हुई समीक्षा
बैठक में मुख्यमंत्री ने सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी अधिनियम, एग्रीस्टैक पोर्टल में किसान पंजीयन, डिजिटल फसल सर्वेक्षण, वीबी जीरामजी योजना, पाठ्यपुस्तक एवं गणवेश वितरण, सरस्वती साइकिल योजना तथा प्रधानमंत्री पोषण योजना की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। अधिकारियों को सभी योजनाओं का समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सीएम हेल्पलाइन में 45 हजार लोगों ने जताया संतोष
बैठक में बताया गया कि सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के निराकरण के बाद आवेदकों से लगातार फीडबैक लिया जा रहा है। अब तक प्रदेश में 45 हजार से अधिक आवेदकों ने शिकायतों के समाधान पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है, जिसे मुख्यमंत्री ने सराहनीय बताया।
बालोद में शत-प्रतिशत किसान पंजीयन पर जोर
बैठक के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी ने बालोद जिले में एग्रीस्टैक पोर्टल पर सभी किसानों एवं खाताधारकों का शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने डिजिटल फसल सर्वेक्षण और किसान पंजीयन कार्य को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
हर महीने होगी समीक्षा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि पारस पोर्टल में शामिल योजनाओं की प्रगति की समीक्षा अब प्रत्येक माह के अंतिम मंगलवार को की जाएगी, ताकि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक के दौरान संयुक्त जिला कार्यालय बालोद के एनआईसी कक्ष में अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक, संयुक्त कलेक्टर मधुहर्ष, जिला शिक्षा अधिकारी, ईडीएम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।











