बालोद/नेवारी कला। शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला नेवारी कला में शिक्षक बेनेश्वर साहू ने अपनी स्वर्गीय माता की स्मृति में विद्यार्थियों के लिए नेवता भोज का आयोजन किया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार एवं ग्राम शिक्षा समिति के सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में शिक्षक बेनेश्वर साहू ने अपनी माता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए विद्यार्थियों के साथ भोजन कराया। उन्होंने कहा कि माता-पिता के प्रति सम्मान और उनकी स्मृतियों को सेवा एवं सद्कार्यों के माध्यम से जीवित रखना भारतीय संस्कृति की महान परंपरा है।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधान पाठक, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष एवं सदस्य सहित सभी विद्यार्थियों ने सहभागिता की। सभी ने स्वर्गीय आत्मा की शांति के लिए श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शिक्षक बेनेश्वर साहू के इस भावपूर्ण एवं प्रेरणादायी प्रयास की सराहना की।
नेवता भोज के माध्यम से विद्यार्थियों को पारिवारिक संस्कार, सेवा, संवेदनशीलता और सामाजिक सहभागिता का संदेश भी दिया गया। विद्यालय परिवार ने दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।











