DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

संजय बैस और सीएम हेल्पलाइन की पहल से पीड़ित को मिली राहत, बैंक ने लौटाई ₹19,400 की राशि

दल्लीराजहरा। यूको बैंक कुसुमकसा शाखा से जुड़े एक खाताधारक की शिकायत पर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की पहल और पूर्व जनपद सदस्य संजय बैंस के प्रयासों से बैंक ने खाते से काटी गई 19,400 रुपये की राशि वापस लौटा दी। वहीं शेष 3,600 रुपये की वापसी के लिए भी प्रयास जारी हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम सुअरबोड़, पोस्ट भैंसबोड़ निवासी रोशन दास ने वर्ष 2021 में यूको बैंक कुसुमकसा शाखा से मुद्रा योजना के तहत 30 हजार रुपये का ऋण लिया था। उन्होंने व्यवसाय से प्राप्त आय के माध्यम से 8 अगस्त 2024 को ऋण की पूरी राशि जमा कर बैंक से एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) भी प्राप्त कर लिया।

पीड़ित के अनुसार, वर्ष 2026 में नौकरी लगने के बाद जब उनके खाते में वेतन जमा हुआ तो बैंक द्वारा कथित रूप से “बीमा योजना” और अन्य मदों के नाम पर अलग-अलग तिथियों में कई बार राशि काट ली गई। उन्होंने बैंक प्रबंधन से जानकारी लेने का प्रयास किया, लेकिन संतोषजनक समाधान नहीं मिला।

इसके बाद रोशन दास ने पूर्व जनपद सदस्य संजय बैंस से संपर्क किया। संजय बैंस ने पहले बैंक प्रबंधन से चर्चा कर मामले का समाधान निकालने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनने पर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के बाद हुई कार्रवाई में बैंक ने पीड़ित के खाते में 19,400 रुपये वापस जमा कर दिए। बताया गया कि शेष 3,600 रुपये की वापसी के लिए भी प्रक्रिया जारी है।

रोशन दास ने राहत मिलने पर संजय बैंस और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समय पर हस्तक्षेप नहीं होता तो उनकी राशि वापस मिलना मुश्किल था।

संजय बैंस ने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि बैंकिंग, राजस्व, बिजली या अन्य शासकीय सेवाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए वे मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 का उपयोग करें।

नोट: यह समाचार पीड़ित पक्ष एवं जारी प्रेस विज्ञप्ति में किए गए दावों पर आधारित है। बैंक का पक्ष उपलब्ध होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

You cannot copy content of this page