DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

जिला बदर आरोपी धारदार हथियार लेकर लोगों को धमकाते गिरफ्तार

राजहरा पुलिस ने तलवारनुमा हथियार किया जब्त, आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर भेजा जेल

बालोद/दल्लीराजहरा, 07 अगस्त 2026। दल्लीराजहरा पुलिस ने जिला बदर किए गए एक आरोपी को धारदार हथियार लेकर लोगों को डराने-धमकाने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लोहे का धारदार तलवारनुमा हथियार जब्त कर उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है।

पुलिस के अनुसार, 07 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि वार्ड क्रमांक 02 पंडरदल्ली राजहरा निवासी खुशहाल नोन्हारे वार्ड क्रमांक 07 स्थित राजहरा कॉलेज पहुंच मार्ग पर लोहे के तेज धारदार तलवारनुमा हथियार को लेकर घूम रहा है और मोहल्ले तथा रास्ते से आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है।

सूचना मिलने पर राजहरा पुलिस टीम ने स्टाफ एवं गवाहों के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस के पहुंचने पर आरोपी खुशहाल नोन्हारे, पिता राजेश नोन्हारे, उम्र 26 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 02 पंडरदल्ली, राजहरा धारदार तलवारनुमा हथियार लहराते हुए घूमता मिला। पुलिस को देखकर आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक धारदार लोहे का तलवारनुमा हथियार जब्त किया। आरोपी के विरुद्ध धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल किया गया।

पहले से दर्ज हैं कई आपराधिक मामले

पुलिस के अनुसार आरोपी आपराधिक एवं गुंडा प्रवृत्ति का व्यक्ति है। उसके विरुद्ध पूर्व में मारपीट, लूटपाट, बलवा एवं चोरी सहित विभिन्न अपराध दर्ज हैं। उसकी आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए उसे गुंडा-बदमाशों की सूची में रखा गया है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी को वर्तमान में जिला बदर किया गया है, इसके बावजूद वह जिले में प्रवेश कर आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाया गया। पुलिस द्वारा मामले में नियमानुसार कार्रवाई की गई है।

You cannot copy content of this page