DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

गुरुर ब्लॉक के 240 आंगनबाड़ी केंद्रों के निरीक्षण का लक्ष्य, अब तक 12 केंद्रों में पहुंची सभापति संध्या अजेंद्र साहू

बालोद/गुरुर। गुरुर ब्लॉक के आंगनबाड़ी केंद्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और पोषण आहार की व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की सभापति श्रीमती संध्या अजेंद्र साहू के नेतृत्व में सघन औचक निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। सभापति ने गुरुर ब्लॉक के सभी 240 आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण करने का लक्ष्य रखा है। अब तक सनौद, डोटोपार, मोहारा, अरमरीकला, डोकला, मोखा, तार्री और खोरदो सहित विभिन्न क्षेत्रों के 12 आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया जा चुका है।

व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

पिछले सप्ताह स्वास्थ्य एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं में सुधार को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए थे। इसी निर्णय के तहत सभापति संध्या अजेंद्र साहू अपने स्थायी समिति के सदस्यों सुभद्रा ईशाप्रकाश साहू, मीना फत्तेलाल साहू, थानसिंग देहारी और ममता विजय गौतम के साथ लगातार केंद्रों का निरीक्षण कर रही हैं।

निरीक्षण के दौरान विभाग के परियोजना अधिकारी सुरेंद्र बंजारे, सेक्टर प्रभारी संध्या साहू सहित महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम भी मौजूद रही। सभापति ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता और शिक्षा के प्रति विशेष गंभीरता बरतने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि बच्चों की देखभाल और आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान यदि किसी केंद्र में गंभीर कमी या लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित को तत्काल नोटिस जारी कर व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए जाएंगे। सुधार नहीं होने की स्थिति में नियमानुसार कार्यमुक्ति अथवा सेवा समाप्ति जैसी कार्रवाई के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।

भर्ती प्रक्रिया के लिए 19 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन

बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार सोरर आंगनबाड़ी केंद्र में कार्यकर्ता तथा बालोदगहन और रामतरा में सहायिका के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया ऑनलाइन शुरू की गई है। आवेदन की अंतिम तिथि 19 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। सभापति ने क्षेत्र की इच्छुक महिलाओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर इस सेवा से जुड़ने का अवसर प्राप्त करें।

लगातार जारी रहेगा निरीक्षण अभियान

सभापति संध्या अजेंद्र साहू ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के प्रारंभिक विकास और पोषण की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं। इसलिए 240 केंद्रों के निरीक्षण का अभियान लगातार जारी रहेगा और केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं के साथ बच्चों को मिलने वाले पोषण आहार एवं अन्य व्यवस्थाओं की भी बारीकी से जांच की जाएगी। उद्देश्य है कि गुरुर ब्लॉक के प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों को बेहतर वातावरण और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं मिल सकें।

You cannot copy content of this page