अर्जुंदा के दाऊ चौक पर डेढ़ घंटे तक प्रदर्शन, पुतला दहन के दौरान पुलिस से झूमाझटकी; प्रशासन ने मांगा एक सप्ताह का समय
अर्जुंदा। बालोद। जिले के अर्जुंदा नगर के दाऊ चौक में सोमवार को क्षेत्रीय विधायक कुंवर सिंह निषाद के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं एवं आसपास के गांवों से पहुंचे सैकड़ों ग्रामीणों ने 9 सूत्रीय मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन और चक्काजाम किया। आंदोलन के चलते दाऊ चौक सहित आसपास के मार्गों पर करीब डेढ़ घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।

प्रदर्शन से पहले दाऊ चौक में सभा का आयोजन किया गया, जिसमें कांग्रेस नेताओं एवं ग्रामीणों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर अपनी बात रखी। इसके बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं दोनों उपमुख्यमंत्रियों के पुतले का दहन किया गया। पुतला दहन के दौरान पुलिस बल और प्रदर्शनकारियों के बीच कुछ देर झूमाझटकी भी हुई। इसके बाद विधायक कुंवर सिंह निषाद के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने दाऊ चौक पर चक्काजाम कर दिया।
सड़क, स्वास्थ्य, अवैध कारोबार और बिजली दरों का मुद्दा

प्रदर्शनकारियों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर 9 सूत्रीय मांगें प्रशासन के सामने रखीं। इनमें जर्जर सड़कों का निर्माण प्रमुख मांग रही। कांग्रेस नेताओं एवं ग्रामीणों का कहना था कि क्षेत्र के कई गांवों की सड़कें खराब हालत में हैं, जबकि कुछ सड़कों के लिए पहले ही राशि स्वीकृत हो चुकी है। इसके बावजूद निर्माण कार्य लंबित है। उन्होंने स्वीकृत राशि से जल्द सड़क निर्माण कराने की मांग की।
इसके अलावा स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टर एवं आवश्यक स्टाफ की नियुक्ति, अर्जुंदा नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में कथित रूप से चल रहे जुआ-सट्टा एवं अवैध शराब के कारोबार पर रोक, तथा हाल में बढ़ी विद्युत दरों को कम करने सहित अन्य मांगें भी आंदोलन में उठाई गईं।
प्रशासन ने समझाने का किया प्रयास
चक्काजाम के दौरान पुलिस प्रशासन एवं जिला प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और विधायक सहित प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर आंदोलन समाप्त कराने का प्रयास करते रहे। हालांकि कांग्रेस नेता और ग्रामीण अपनी मांगों को लेकर काफी देर तक धरने पर डटे रहे।
प्रशासनिक अधिकारियों ने मांगों पर कार्रवाई के लिए एक सप्ताह का समय मांगा। इसके बाद विधायक कुंवर सिंह निषाद ने प्रशासन को दस दिनों का समय देते हुए कहा कि इस अवधि में मांगों पर ठोस कार्रवाई होनी चाहिए। आश्वासन के बाद चक्काजाम समाप्त किया गया।
बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और ग्रामीण हुए शामिल
आंदोलन में पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष चन्द्रप्रभा सुधाकर, कृष्णा दुबे, बालोद नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी, नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष विकास चोपड़ा, बालोद ब्लॉक अध्यक्ष, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष प्रशांत बाला बोकड़े सहित जिले के विभिन्न कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
आंदोलन के बाद अब क्षेत्रवासियों की नजर प्रशासन की कार्रवाई पर है। देखना होगा कि 9 सूत्रीय मांगों को लेकर दिए गए आश्वासन के बाद जमीनी स्तर पर समस्याओं का समाधान कितनी जल्दी होता है।









