DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

राखी भेजने बहनों की चिंता खत्म, दल्लीराजहरा डाकघर में पहुंचे वाटरप्रूफ लिफाफे

28 अगस्त को रक्षाबंधन, 10 रुपये में मिलेगा राखी लिफाफा; विदेशों में भी 106 देशों तक भेज सकेंगी बहनें

दल्लीराजहरा, बालोद। रक्षाबंधन का पर्व इस वर्ष 28 अगस्त 2026 को मनाया जाएगा। बारिश के मौसम में आने वाले इस पर्व को देखते हुए डाक विभाग ने बहनों की सुविधा के लिए डाकघरों में समय रहते विशेष वाटरप्रूफ राखी लिफाफे एवं बॉक्स उपलब्ध करा दिए हैं। इससे बहनों द्वारा भेजी जाने वाली राखियों को बारिश के दौरान खराब होने से बचाया जा सकेगा और राखी का प्यार सुरक्षित रूप से भाई तक पहुंच सकेगा।

दल्लीराजहरा डाकघर के पोस्टमास्टर जयप्रकाश जायसवाल ने बताया कि डाक विभाग द्वारा तैयार किए गए राखी लिफाफे मजबूत एवं वाटरप्रूफ कागज से बनाए गए हैं। इन पर आकर्षक राखी थीम आधारित प्रिंटिंग भी की गई है। छोटे लिफाफे का आकार 11×22 सेंटीमीटर है, जिसकी कीमत 10 रुपये रखी गई है। इसमें सामान्य तौर पर एक से दो राखियां आसानी से भेजी जा सकती हैं।

दल्लीराजहरा डाकघर में 1000 राखी लिफाफे उपलब्ध

रक्षाबंधन को लेकर दल्लीराजहरा डाकघर में 1000 राखी लिफाफे बिक्री के लिए मंगाए गए हैं। बहनें डाकघर पहुंचकर इन विशेष लिफाफों में अपनी राखी सुरक्षित तरीके से भेज सकती हैं।

पोस्टमास्टर जयप्रकाश जायसवाल ने बताया कि बहनें केवल देश के भीतर ही नहीं, बल्कि विदेशों में रहने वाले भाइयों को भी स्पीड पोस्ट के माध्यम से राखी भेज सकती हैं। डाक विभाग की अंतरराष्ट्रीय सेवा के जरिए 106 देशों तक राखी भेजने की सुविधा उपलब्ध है।

रोज 200 से 300 राखियां पहुंच रहीं डाकघर

रक्षाबंधन को लेकर डाक विभाग में राखियों की आवक भी बढ़ गई है। जयप्रकाश जायसवाल ने बताया कि वर्तमान में प्रतिदिन लगभग 200 से 300 राखियां दल्लीराजहरा डाकघर में वितरण के लिए पहुंच रही हैं। प्राप्त राखियों को प्राथमिकता के साथ संबंधित प्राप्तकर्ताओं तक पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है, ताकि रक्षाबंधन से पहले राखियां अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।

डाकघर में 30 रुपये में गंगोत्री का गंगाजल

दल्लीराजहरा डाकघर में राखी के साथ धार्मिक सामग्री की सुविधा भी उपलब्ध है। पोस्टमास्टर जयप्रकाश जायसवाल ने बताया कि डाकघर में गंगोत्री का पवित्र गंगाजल मात्र 30 रुपये में उपलब्ध है। 250 एमएल की बोतल में गंगाजल दिया जा रहा है।

सावन के महीने में भगवान शिव की पूजा-अर्चना एवं अभिषेक के लिए गंगाजल की मांग बढ़ गई है। इसी को ध्यान में रखते हुए डाक विभाग द्वारा लोगों को डाकघर के माध्यम से गंगोत्री का गंगाजल उपलब्ध कराया जा रहा है।

25 रुपये में तिरंगा भी उपलब्ध

वहीं हर घर तिरंगा अभियान के तहत दल्लीराजहरा डाकघर में तिरंगा झंडा भी बिक्री के लिए उपलब्ध है। जयप्रकाश जायसवाल ने बताया कि तिरंगा झंडे की कीमत 25 रुपये रखी गई है। लोग डाकघर से तिरंगा प्राप्त कर स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर फहरा सकते हैं।

रक्षाबंधन, धार्मिक आस्था और राष्ट्रभक्ति से जुड़ी सुविधाओं के लिए डाकघर में की गई इन व्यवस्थाओं से क्षेत्र के लोगों को एक ही स्थान पर कई सेवाओं का लाभ मिल रहा है।

You cannot copy content of this page