DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

‘एकजुट समाज, मजबूत संगठन’ का संकल्प लेकर जुटा ठेठवार यादव समाज

जिला बैठक में सामाजिक सुधार, चुनाव प्रक्रिया और भवन निर्माण पर हुआ मंथन; वरिष्ठजनों का किया गया सम्मान

बालोद। ठेठवार यादव समाज के जिला संगठन की महत्वपूर्ण बैठक रविवार, 9 अगस्त 2026 को ठेठवार भवन, गंजपारा बालोद में आयोजित हुई। बैठक की शुरुआत भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना के साथ हुई। इस दौरान समाज की संगठनात्मक मजबूती, सामाजिक रीति-रिवाजों में सुधार, चुनाव प्रक्रिया, जिला संगठन के लिए भूमि एवं भवन निर्माण सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

भूमि और भवन निर्माण के प्रयासों की दी जानकारी

जिला संगठन के अध्यक्ष डॉ. उत्तम यादव ने जिला संगठन के लिए भूमि एवं भवन निर्माण को लेकर किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन महासचिव बलदेव यादव ने किया। पदाधिकारियों ने समाज की वर्तमान परिस्थितियों और संगठन को मजबूत बनाने के लिए अपने-अपने सुझाव रखे।

जिला संगठन के प्रवक्ता नंदकिशोर यादव ने चुनाव प्रक्रिया में सुधार का सुझाव देते हुए कहा कि पूरे प्रांत में प्रत्येक 20 अथवा 50 परिवारों के पीछे एक मतदाता निर्धारित किया जाए, जिससे मतदाताओं की संख्या स्पष्ट हो और छोटे-बड़े सभी राज को उचित अनुपात में मतदान का प्रतिनिधित्व मिल सके। उन्होंने प्रांत में ‘संविधान सभा’ बनाने का सुझाव देते हुए कहा कि महत्वपूर्ण निर्णय लेने का अधिकार ऐसी सभा को दिया जाना चाहिए, क्योंकि बड़ी सभाओं में शोरगुल के कारण कई बार उचित निर्णय लेना कठिन हो जाता है। उन्होंने जिला संगठन में सामाजिक रीति-नीति पर विशेष रूप से विचार-विमर्श के लिए अलग बैठक आयोजित करने का सुझाव भी दिया।

इस दौरान पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष बालोद एवं जनसेवक राकेश यादव द्वारा सामाजिक भवन के लिए किए गए योगदान को याद करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया गया। बैठक में भाजपा नेता राकेश यादव भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

सामाजिक रीति-रिवाजों में सुधार पर जोर

जिला संगठन सलाहकार जीवन यदु, दल्लीराजहरा ने सामाजिक रीति-रिवाजों में सुधार को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव रखे। उन्होंने दशगात्र कार्यक्रम की व्यवस्था में समय की बचत करने पर जोर देते हुए कहा कि कई गांवों में तालाब से संबंधित कार्यक्रम पूरा होने तक दोपहर बाद का समय हो जाता है। उन्होंने सुझाव दिया कि शोकाकुल परिवार के बेहद करीबी एवं गोत्र के लोग आवश्यक प्रक्रिया को दोपहर 12 बजे तक पूरा करें। घर के पास भजन अथवा श्रद्धांजलि सभा का आयोजन भी किया जा सकता है।

उन्होंने हवन की प्रक्रिया को भी सरल बनाने का सुझाव देते हुए कहा कि तैयार भोजन को एक बड़ी थाली या परात में एक साथ रखकर हवन की प्रक्रिया पूरी की जाए, ताकि सभी लोग कम समय में धार्मिक कार्य संपन्न कर सकें।

अंतर्जातीय विवाह के मामलों पर मार्गदर्शन की मांग

जिला संगठन के संरक्षक नरेंद्र प्रसाद यादव ने अंतर्जातीय विवाह से जुड़े सामाजिक मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके आवेदन के बावजूद पिछले पांच वर्षों में प्रांतीय संगठन से उचित निर्णय अथवा मार्गदर्शन प्राप्त नहीं हो पाया है।

वहीं बालोद राज के महासचिव ऐलेंद्र यादव ने राजिम प्रांतीय अधिवेशन के आमंत्रण में बालोद राज अध्यक्ष, महासचिव एवं कोषाध्यक्ष के नाम नहीं छपने पर आपत्ति जताई। उन्होंने इसे संगठन के बीच बेहतर तालमेल की आवश्यकता से जोड़ते हुए कहा कि अंतर्जातीय विवाह से संबंधित मामलों में स्पष्ट दिशा-निर्देश मिलने से गांव स्तर पर निर्णय लेने में सुविधा होगी।

प्रांतीय अध्यक्ष का किया गया अभिनंदन

बैठक में छत्तीसगढ़ ठेठवार यादव महासभा राजिम के प्रांत अध्यक्ष गुलेंद्र यादव विशेष रूप से उपस्थित रहे। समाजजनों ने उनके पांच वर्ष के सफल कार्यकाल के लिए अभिनंदन किया और पूरे प्रांतीय संगठन को बधाई दी।

इसके अलावा भिलाई नगर समाज के अध्यक्ष नरेंद्र यादव, पूर्व अध्यक्ष खेम सिंह यादव एवं उमाशंकर यादव का भी सम्मान एवं अभिनंदन किया गया।

बालोद राज अध्यक्ष ताम्रध्वज यादव ने कहा कि वरिष्ठजनों के साथ बैठकर समाजहित में काफी कुछ सीखने को मिलता है। संरक्षक मोहनलाल यादव ने कहा कि बालोद जिला संगठन छत्तीसगढ़ प्रांतीय संगठन राजिम को मजबूत करने के लिए सदैव साथ खड़ा है।

35 वर्षों के सामाजिक बदलाव का अनुभव साझा किया

जिला संगठन के सलाहकार डॉ. सुरेंद्र यदु ने राजिम में आयोजित वार्षिक अधिवेशन के पिछले 35 वर्षों में हुए सकारात्मक परिवर्तनों के अनुभवों को साझा किया। उन्होंने बैठक में उपस्थित सभी अतिथियों एवं पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए सभा के समापन की घोषणा की।

ये पदाधिकारी रहे उपस्थित

बैठक में जिला संगठन उपाध्यक्ष भूषण यादव, केशव यादव, महासचिव देवेंद्र यदु साजा, कोषाध्यक्ष हरिश्चंद्र यादव कोपेडेरा, अंकेक्षक पवन यादव पड़कीभाट, संरक्षक दिलीप यादव गुंडरदेही, सलाहकार विष्णु प्रसाद यादव भंडेरा, लखन लाल यादव डौंडीलोहारा, मीडिया प्रभारी जयप्रकाश यादव तरौद, कार्यालय प्रभारी रामस्वरूप यादव, उपकोषाध्यक्ष कांतिलाल यादव गारका, संगठन मंत्री हेमंत यादव पड़कीभाट, चंद्रेश यादव कनेरी, गोवर्धन यादव संजारी, रामेश्वर यादव कमरौद सहित अन्य पदाधिकारी एवं समाजजन उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page