DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

दोनों विधायकों को गाली देने का आरोप, इंस्टाग्राम आईडी के खिलाफ कांग्रेस ने थाने में दी शिकायत

‘Mukeshdeshmukh647’ आईडी से कथित आपत्तिजनक कमेंट का मामला, जांच के दौरान फोटो से युवक की पहचान होने की बात

बालोद। बालोद एवं गुंडरदेही विधानसभा क्षेत्र के दोनों विधायकों के संबंध में इंस्टाग्राम पर कथित रूप से गाली-गलौज एवं आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने का मामला सामने आया है। मामले को लेकर साजन पटेल सहित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने थाना बालोद पहुंचकर शिकायत आवेदन सौंपा और संबंधित इंस्टाग्राम आईडी की जांच कर उचित वैधानिक कार्रवाई की मांग की।

शिकायतकर्ताओं के अनुसार, इंस्टाग्राम की ‘Mukeshdeshmukh647’ आईडी से दोनों विधायकों के संबंध में कथित तौर पर अशोभनीय एवं आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया। शिकायत में संबंधित व्यक्ति का नाम दर्ज किए जाने के बजाय इंस्टाग्राम आईडी एवं कथित कमेंट को आधार बनाकर जांच की मांग की गई है।

जांच के दौरान फोटो से पहचान होने की बात

पुलिस सूत्रों के मुताबिक शिकायत मिलने के बाद मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच के दौरान संबंधित इंस्टाग्राम आईडी पर लगी फोटो के आधार पर युवक की पहचान होने तथा उसके ग्राम का पता चलने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि युवक जगन्नाथपुर का निवासी है।

हालांकि, पुलिस जांच पूरी होने से पहले सोशल मीडिया आईडी संचालित करने वाले व्यक्ति की पहचान को अंतिम रूप से प्रमाणित नहीं माना जा सकता। पुलिस द्वारा आईडी, कमेंट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है।

भाजपा नेताओं के आसपास नजर आने की भी चर्चा

स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि उक्त युवक कुछ भाजपा नेताओं के साथ नजर आता रहा है। हालांकि, उसके किसी राजनीतिक पद अथवा भाजपा संगठन से आधिकारिक रूप से जुड़े होने की पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।

डिजिटल साक्ष्यों की जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई

शिकायतकर्ताओं ने कथित कमेंट के स्क्रीनशॉट सहित उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच करने और यदि किसी अपराध के तत्व पाए जाते हैं तो प्रचलित कानून के तहत उचित कार्रवाई की मांग की है।

अब पुलिस की जांच में इंस्टाग्राम आईडी संचालित करने वाले व्यक्ति की वास्तविक पहचान और कथित कमेंट की पुष्टि के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई स्पष्ट होगी। इधर जिस युवक के नाम से शिकायत हुई है, उनके द्वारा अपने इंस्टा आईडी से दोबारा एक पोस्ट करके अपनी हरकतों के लिए माफी भी मांगा गया है। लेकिन मामला सम्मानित दोनों विधायकों से जुड़ा होने के कारण अब तुल पकड़ता जा रहा है।

कठोर कार्रवाई होनी चाहिए

मामले में बालोद युवा कांग्रेस शहर अध्यक्ष साजन पटेल ने कठोर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि दोनों विधायक जनता के चुने हुए जनप्रतिनिधि हैं। उनको इस प्रकार से अपशब्द बोलने वालों को माफ नहीं किया जाएगा। अभद्रता और अश्लिल गालियों के साथ कमेंट करके माफी मांगने का पोस्ट कर युवक अपनी गलतियों पर पर्दा नहीं डाल सकता।

You cannot copy content of this page