टीईटी व डीएड को लेकर बड़ा प्रस्ताव: शिक्षकों के हित में विभागीय सीमित परीक्षा व पत्राचार बीएड की मांग



बालोद। सेवारत शिक्षकों के हितों की रक्षा को लेकर छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन ने डीपीआई सहित अन्य अधिकारियों से मुलाकात कर महत्वपूर्ण चर्चा की। टीईटी के लिए विभागीय सीमित परीक्षा आयोजित करने और पत्राचार के माध्यम से बीएड प्रशिक्षण शुरू कराने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा गया।

छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष दिलीप साहू ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष संजय शर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने संचालक डीपीआई ऋतुराज रघुवंशी और सहायक संचालक अशोक नारायण बंजारा से मुलाकात की। इस दौरान टीईटी के लिए विभागीय सीमित परीक्षा आयोजित करने तथा पत्राचार माध्यम से बीएड प्रशिक्षण प्रारंभ कराने को लेकर विस्तृत चर्चा करते हुए ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन में बताया गया कि छत्तीसगढ़ राजपत्र शिक्षक पंचायत संवर्ग भर्ती तथा सेवा शर्त नियम 17 अगस्त 2012 के तहत शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) अनिवार्य की गई है। एसोसिएशन ने मांग की कि इस नियम के पूर्व नियुक्त शिक्षकों के लिए टीईटी की अनिवार्यता समाप्त की जाए। साथ ही माननीय सुप्रीम कोर्ट द्वारा 1 सितंबर 2025 को पारित निर्णय में हस्तक्षेप/पुनर्विचार याचिका दायर करते हुए, यदि अत्यंत आवश्यक हो तो शिक्षा विभाग द्वारा विभागीय सीमित परीक्षा आयोजित कर सेवारत शिक्षकों के हितों की रक्षा की जाए।

प्रस्ताव में कहा गया कि विभागीय सीमित टीईटी परीक्षा के लिए संयोजक डीपीआई हों और प्रत्येक जिले के जिला शिक्षा अधिकारी को जिला परीक्षा संयोजक बनाकर परीक्षा आयोजित कराई जाए। पूर्व में भी पदोन्नति हेतु विभागीय सीमित परीक्षा सफलतापूर्वक आयोजित की जा चुकी है, इसलिए इस व्यवस्था को पुनः लागू किया जा सकता है।

एसोसिएशन ने यह भी मांग रखी कि सहायक शिक्षक, शिक्षक और व्याख्याता जो केवल डीएड या समकक्ष योग्यता रखते हैं, उनके लिए एनसीटीई के नियमानुसार 6 माह का बीएड कोर्स शीघ्र प्रारंभ किया जाए। इसके लिए पंडित सुंदरलाल शर्मा विश्वविद्यालय से अनुबंध कर छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ओपन बोर्ड को जिम्मेदारी दी जाए, ताकि पत्राचार के माध्यम से संपर्क कक्षाओं के साथ बीएड पाठ्यक्रम शीघ्र पूर्ण कराया जा सके।

चर्चा के दौरान डीपीआई ऋतुराज रघुवंशी ने कहा कि शिक्षकों के लिए विभागीय टीईटी परीक्षा और पत्राचार से बीएड कराने का सुझाव शिक्षक हित में है। शिक्षक सहजता से पात्रता और दक्षता प्राप्त करें, इसके लिए विभाग प्रयास कर सकता है।

ज्ञापन सौंपने और चर्चा में शामिल प्रतिनिधिमंडल में छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय शर्मा, प्रदेश संयोजक सुधीर प्रधान, प्रदेश उपाध्यक्ष देवनाथ साहू, बसंत चतुर्वेदी, प्रदेश पदाधिकारी योगेश सिंह ठाकुर, जितेंद्र मिश्रा, बिलासपुर जिलाध्यक्ष संतोष सिंह, धमतरी जिलाध्यक्ष डॉ. भूषण चंद्राकर, महासमुंद जिलाध्यक्ष नारायण चौधरी, बालोद जिलाध्यक्ष दिलीप साहू, आशीष गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━
📰 No.1 Web Media in CG | डीबी डिजिटल मीडिया | डेली बालोद न्यूज़
━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━
✍️━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━
खबर और विज्ञापन, विशेष लेख और अपने व्यक्तिगत प्रचार हेतु मंथली मीडिया सपोर्ट स्कीम का लाभ लेने के लिए संपर्क करें 9755235270 एडिटर इन चीफ दीपक यादव डीबी डिजिटल मीडिया/ डेली बालोद न्यूज़
━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━

You cannot copy content of this page