DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

प्रकृति की गोद में पर्यटन का महोत्सव: सियादेवी जलाशय में 3 दिवसीय इको टूरिज्म फेस्ट का भव्य शुभारंभ

बालोद। बालोद जिले के गुरूर विकासखंड अंतर्गत ग्राम नारागांव स्थित सियादेवी जलाशय के तट पर तीन दिवसीय सियादेवी इको टूरिज्म फेस्ट का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रकृति की मनोरम वादियों और हरियाली से घिरे इस स्थल पर आयोजित फेस्ट ने जिले में पर्यटन विकास की नई उम्मीद जगाई है। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित यह आयोजन 13 से 15 फरवरी तक चलेगा, जिसका उद्देश्य सियादेवी जलाशय को प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करना और स्थानीय ग्रामीणों को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना है।

जनप्रतिनिधि व अधिकारी पहुंचे, बैम्बू राफ्टिंग से किया जलाशय का भ्रमण

शुभारंभ अवसर पर संजारी बालोद विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती संगीता सिन्हा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती तारणी पुष्पेन्द्र चंद्राकर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री तोमन साहू, राज्य एथलेटिक संघ उपाध्यक्ष श्री सौरभ लुनिया, पूर्व राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग सदस्य श्री यशवंत जैन, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि श्री चेमन देशमुख, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा चौधरी सहित कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा, डीएफओ श्री अभिषेक अग्रवाल, सीईओ जिला पंचायत श्री सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक, श्री अजय किशोर लकरा, एडीशनल एसपी श्रीमती मोनिका ठाकुर सहित अनेक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण व पर्यटक मौजूद रहे।
इस दौरान सभी जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने बैम्बू राफ्टिंग में सवार होकर सियादेवी जलाशय का भ्रमण किया और प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लिया। अधिकारियों ने कहा कि यह स्थान आने वाले समय में जिले की पहचान बन सकता है।

एडवेंचर गतिविधियों में अधिकारियों ने लिया हिस्सा

इको टूरिज्म फेस्ट के दौरान तीरंदाजी, एयर गन, वॉल क्लाइम्बिंग, टायर क्लाइम्बिंग, मोटर बाइक, फ्लोटिंग बलून और हॉट एयर बलून जैसी रोमांचक एडवेंचर गतिविधियां आयोजित की गईं। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा सहित अन्य अधिकारियों ने इन गतिविधियों में भाग लेकर पर्यटकों व ग्रामीणों का उत्साहवर्धन किया।
कलेक्टर ने स्कूली बच्चों के साथ म्यूजिकल बॉल खेलकर बच्चों का मनोबल बढ़ाया और उन्हें पढ़ाई के साथ खेलकूद में भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

पर्यटन विकास से बढ़ेगी स्थानीय आजीविका

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक संगीता सिन्हा ने जिला प्रशासन के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि सियादेवी जलाशय शासन-प्रशासन के सहयोग से एक सुंदर पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है। उन्होंने कहा कि पर्यटन बढ़ने से स्थानीय ग्रामीणों को रोजगार के अवसर मिलेंगे और क्षेत्र की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। उन्होंने नारागांव के ग्रामीणों के लिए पर्यटन कॉम्प्लेक्स निर्माण की मांग भी रखी।
पूर्व राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग सदस्य यशवंत जैन ने भी जिला प्रशासन के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि कलेक्टर के मार्गदर्शन में इस क्षेत्र को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने का कार्य सराहनीय है और आने वाले समय में यह स्थान प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल होगा।

स्थानीय व्यंजन व सांस्कृतिक कार्यक्रम बने आकर्षण

फेस्ट के दौरान स्व सहायता समूह की महिलाओं एवं स्थानीय कलाकारों ने रंगारंग गीत-संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी, जिसने पूरे आयोजन को उत्सवमय बना दिया। वहीं स्थानीय व्यंजनों व उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए ठेठरी, खुरमी सहित पारंपरिक खाद्य पदार्थों के स्टॉल लगाए गए, जो पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बने रहे।
जिला प्रशासन द्वारा आयोजित यह तीन दिवसीय इको टूरिज्म फेस्ट न केवल पर्यटन को बढ़ावा देगा बल्कि स्थानीय संस्कृति, परंपरा और आजीविका को भी नई पहचान दिलाएगा।

━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━
📰 No.1 Web Media in CG | डीबी डिजिटल मीडिया | डेली बालोद न्यूज़
━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━
✍️
खबर और विज्ञापन, विशेष लेख और अपने व्यक्तिगत प्रचार हेतु मंथली मीडिया सपोर्ट स्कीम का लाभ लेने के लिए संपर्क करें 9755235270 एडिटर इन चीफ दीपक यादव डीबी डिजिटल मीडिया/ डेली बालोद न्यूज़
━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━

You cannot copy content of this page