बालोद। आगामी बोर्ड परीक्षाओं को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला पंचायत सभागार बालोद में परीक्षा केंद्राध्यक्षों एवं संबंधित अधिकारियों का विस्तृत प्रशिक्षण कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस प्रशिक्षण में जिले के सभी परीक्षा केंद्रों से नियुक्त केंद्राध्यक्ष, सहायक केंद्राध्यक्ष और विभागीय अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी बोर्ड परीक्षा 2026 के सफल और सुव्यवस्थित संचालन को सुनिश्चित करना रहा। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल रायपुर द्वारा आयोजित बोर्ड परीक्षाएं 20 फरवरी से प्रारंभ होने जा रही हैं, जिसके सुचारु संचालन की संपूर्ण जिम्मेदारी केंद्राध्यक्षों पर रहेगी।
जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती मधुलिका तिवारी ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि बोर्ड परीक्षा विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ी अत्यंत महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, इसलिए सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता और सतर्कता से करें। उन्होंने प्रश्नपत्रों की गोपनीयता बनाए रखने, परीक्षा कक्ष में अनुशासन सुनिश्चित करने, समयपालन तथा शासन के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर गोपनीय सामग्री के सुरक्षित संधारण, नकल प्रकरण पर विशेष निगरानी, पर्यवेक्षकों की जिम्मेदारी तथा शांतिपूर्ण परीक्षा संचालन पर भी विस्तार से मार्गदर्शन दिया। साथ ही विद्यार्थियों की परीक्षा पूर्व तैयारी एवं काउंसलिंग के महत्व पर भी चर्चा की गई।
स्रोत प्रशिक्षक समन्वयक एवं प्राचार्य अरुण कुमार साहू ने परीक्षा संचालन की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए केंद्राध्यक्षों को चरणबद्ध जानकारी दी। उन्होंने प्रश्नपत्र प्राप्ति और सुरक्षित रख-रखाव, उत्तरपुस्तिकाओं के वितरण एवं संकलन की प्रक्रिया, परीक्षार्थियों की उपस्थिति सत्यापन, परीक्षा कक्षों की बैठक व्यवस्था तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के उपायों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया।
उन्होंने बताया कि प्रश्नपत्रों के पैकेट केंद्राध्यक्ष की उपस्थिति में ही खोले और सील किए जाएं तथा सभी प्रपत्र निर्धारित निर्देशों के अनुसार बंडल में सुरक्षित रखें। प्रश्नपत्र वितरण से पूर्व विषयवार संख्या का मिलान अनिवार्य रूप से किया जाए। परीक्षा केंद्र में मोबाइल, कैलकुलेटर, पुस्तक या अन्य किसी भी प्रकार के उपकरण पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया और व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से संभावित समस्याओं व उनके समाधान पर चर्चा हुई। कार्यक्रम के अंत में सभी केंद्र अधिकारियों ने बोर्ड परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं सफल बनाने हेतु पूर्ण निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम जिले में बोर्ड परीक्षाओं की सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━
📰 No.1 Web Media in CG | डीबी डिजिटल मीडिया | डेली बालोद न्यूज़
━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━
✍️
खबर और विज्ञापन, विशेष लेख और अपने व्यक्तिगत प्रचार हेतु मंथली मीडिया सपोर्ट स्कीम का लाभ लेने के लिए संपर्क करें 9755235270 एडिटर इन चीफ दीपक यादव डीबी डिजिटल मीडिया/ डेली बालोद न्यूज़
━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━