बोलेरो से करते थे सुवर चोरी, 4 आरोपी गिरफ्तार,डौण्डीलोहारा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, वाहन और मोबाइल समेत सामान जब्त



बालोद। बालोद जिले के डौण्डीलोहारा क्षेत्र में सुवर चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। चोरी में उपयोग किए गए बोलेरो वाहन, रस्सी का फंदा और बिक्री रकम से खरीदा गया मोबाइल भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर के निर्देशन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश सिंह के नेतृत्व में डौण्डीलोहारा पुलिस द्वारा मामले की बारीकी से विवेचना की गई।

प्रार्थी गामा नेताम (22 वर्ष) निवासी अंबेडकर पारा डौण्डीलोहारा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिसंबर 2025 में उनके लगभग 14–15 छोटे-बड़े सुवर गायब हो गए थे। आसपास खोजबीन के बाद अरिहंत किराना दुकान के सीसीटीवी फुटेज देखने पर पता चला कि कुछ अज्ञात लोग सफेद बोलेरो वाहन में सुवरों को दौड़ाकर पकड़ रहे थे और वाहन में भरकर ले जा रहे थे। वीडियो फुटेज और स्थानीय पूछताछ के आधार पर बोलेरो वाहन क्रमांक CG 07 CL 7274 की पहचान हुई। पुलिस ने वाहन चालक एवं मालिक पंकज देशमुख से पूछताछ की तो उसने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।

आरोपियों ने बताया कि 22 और 23 दिसंबर की रात करीब 1 से 3 बजे के बीच वे लोग डौण्डीलोहारा बाजार क्षेत्र पहुंचे और बाजार में घूम रहे सुवरों को प्लास्टिक की पीली रस्सी और जाली से फंदा बनाकर पकड़ते थे। पकड़े गए सुवरों को बोलेरो वाहन में भरकर दुर्ग स्थित अपने ठिकाने पर ले जाते थे। बाद में सभी सुवरों को आपस में बांटकर काटा गया और बाजार में बेच दिया गया, जिससे प्राप्त रकम को आपस में बांट लिया गया। आरोपियों से पूछताछ में यह भी सामने आया कि बिक्री की रकम से 32 हजार रुपये का मोबाइल फोन खरीदा गया था।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चोरी में प्रयुक्त बोलेरो वाहन CG 07 CL 7274, पीले रंग की रस्सी और जाली, बिक्री रकम में से नगद राशि तथा 32 हजार रुपये से खरीदा गया वीवो मोबाइल जब्त किया है। मामले में चार आरोपियों कुलेश्वर नेताम, अजय देवराज, पंकज देशमुख और अरुण नेताम को गिरफ्तार कर 15 फरवरी 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी पंकज देशमुख का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। इस मामले में शामिल दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश पुलिस द्वारा लगातार की जा रही है।

You cannot copy content of this page