किसान सावधान- खेतों में पहुंच रहे तांबा चोर गिरोह, बोर के केबल काट कर ले जा रहे, बढ़ी केबल चोरी, अर्जुंदा में दो चोर धराए इधर जगन्नाथपुर में हुई चोरी



बालोद। इन दिनों खेतों में केबल चोरी की घटना फिर बढ़ने लगी है। खासतौर से मोटर पंप के सामानों के साथ केबल काटकर चोर ले जा रहे हैं। जिन इलाकों में बोर की संख्या ज्यादा है वहां इस तरह की चोरी और ज्यादा होती है। बालोद जिले के विभिन्न थाना क्षेत्र में केबल चोरी की घटना सामने आ चुकी है। कुछ किसानों ने थाने में शिकायत की है तो कुछ ने नहीं की है। बालोद जिला पुलिस अधीक्षक ऐसे मामलों में संबंधित थाना प्रभारी को मुखबिर लगाकर अज्ञात चोरों की तलाश भी करवा रही है। जिस क्रम में अर्जुन्दा पुलिस ने सफलता भी पाई। दो केबल चोर को गिरफ्तार भी किया। लगातार इस तरह की चोरी की घटना सामने आ रही है।

सोमवार को ग्राम जगन्नाथपुर थाना बालोद क्षेत्र में किसान जीवन साहू के खेत से केबल चोरी हो गया। इसके पूर्व इसी गांव से सुबाल साहू के खेत से भी केबल तार चोरी हुआ था। जानकारों की माने तो इस केबल तार में तांबा मिला होता है। जिसे जलाकर चोर द्वारा निकाले जाते हैं और फिर तांबे की अवैध बिक्री होती है। तांबे के दाम भी बढ़ रहे हैं लिहाजा केबल चुराने वाले भी फायदे में रहते हैं। अक्सर रात में केबल चोरी की घटना हो रही है। क्योंकि किसान दिनभर खेत में तो रहते हैं शाम को वह घर लौट आते हैं। इसके बाद चोर सक्रिय होते हैं। अंदाजा है कि आसपास के लोग ही इस चोरी में संलिप्त हैं। कुछ तो गिरोह बनाकर केबल चोरी कर रहें तो कुछ एक दो लोग जाकर केबल काट रहे हैं। कई बार बाहर से भी गिरोह आने की भी शिकायत मिलती रहती है।

केबल चोरी करने वाले दो चोरों को अर्जुन्दा पुलिस ने पकड़ कर भेजा जेल

पुलिस अधीक्षक गोवर्धन ठाकुर के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रज्ञा मेश्राम एवं अनुविभागीय अधिकारी सोनसाय मौर्य के पर्यवेक्षण में तथा थाना प्रभारी अर्जुन्दा कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में चोरी के मामले में एक विशेष टीम तैयार की गई।
मामला थाना अर्जुंदा क्षेत्र का है। प्रार्थी डोमन सिंह मरकाम निवासी ओडारसकरी थाना अर्जुन्दा ने रिपोर्ट दर्ज कराया था कि दिनांक 8 मार्च 2022 के दरमियानी रात को कोई अज्ञात चोर इसके खेत में लगे मोटर पंप के केबल वायर व इन्द्रेश देशमुख तथा घनश्याम साहू के खेत में लगे मोटर पंप के केबल वायर को चोरी कर ले गया है। रिपोर्ट पर थाना अर्जुन्दा में अज्ञात आरोपी के विरूद्ध धारा 379 भादवि0 कायम कर पतासाजी किया गया। संदेही विनोद यादव व पुरूषोत्तम मानिकपुरी से पुछताछ करने पर घटना के दिन दोपहर प्लानिंग कर डुडिया बाट ओडारसकरी पहुंचकर 3 मोटर पंप के केबल वायर को चोरी कर वायर के अन्दर के तांबा को निकालकर टुकडों में कांटकर मटेवा नर्सरी बांध किनारे झाडी में छिपाकर रखना बताये। आरोपी विनोद यादव व पुरषोत्तम मानिकपुरी के निशानदेही पर केबल वायर के तांबा तार व अपराध में उपयोग में लाये प्लास को बरामद कर गवाहों के समक्ष जप्त कर चोरी हुए तांबा तार को बरामद किया गया। आरोपीगणों के विरूद्ध पर्याप्त साक्ष्य सबुत पाये जाने से आरोपीगण दोनो निवासी अर्जुन्दा को गिरफ्तारी कर अजमानतीय जुर्म होने पर न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेजा गया।उपरोक्त चोर को पकड़ने में थाना प्रभारी अर्जुन्दा कुमार गौरव साहू,सउनि डोमन साहू, प्रधान आरक्षक विकास सिंह,आर.बलदेव महावीर, धर्मेंद्र चंद्रवंशी, नेमसिंग,कमलेश रावटे की विशेष भूमिका रही।

बालोद जिले की ये खबर भी पढ़ें हेडिंग पर क्लिक करें

You cannot copy content of this page