समय-सीमा की बैठक में सीएम हेल्पलाइन, सुघ्घर छत्तीसगढ़, स्वास्थ्य, शिक्षा और जनकल्याणकारी योजनाओं की कलेक्टर ने की समीक्षा
बालोद, 17 अगस्त 2026। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने जिले के अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों का निर्धारित समयावधि में प्राथमिकता के साथ निराकरण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि शिकायतों का समाधान केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि आवेदकों से संपर्क कर उनके संतुष्ट होने की स्थिति भी सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर ने आज संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन में विभागवार प्राप्त आवेदनों एवं उनके निराकरण के लिए की जा रही कार्रवाई की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आवेदन के निराकरण के बाद संबंधित आवेदक से दूरभाष के माध्यम से संपर्क कर कार्रवाई की जानकारी लें तथा एल-1 स्तर पर ही फीडबैक प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन छत्तीसगढ़ शासन की नागरिक केंद्रित शिकायत प्रणाली है, जिसके माध्यम से नागरिक अपनी शिकायत दर्ज कराने के साथ उसकी स्थिति की जानकारी भी प्राप्त कर सकते हैं।
‘सुघ्घर छत्तीसगढ़’ में 31 योजनाओं के संतृप्तिकरण पर जोर
कलेक्टर ने जिले में संचालित ‘सुघ्घर छत्तीसगढ़’ अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए इसमें शामिल 31 जनकल्याणकारी योजनाओं के संतृप्तिकरण के लिए की जा रही कार्रवाई की जानकारी ली। उन्होंने राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड एवं जॉब कार्ड बनाने के कार्य को विशेष प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
सड़कों पर घूमते मवेशियों की समस्या पर भी सख्ती
बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग के अनुविभागीय अधिकारी, मुख्य नगर पालिका अधिकारियों एवं संबंधित विभागों से सड़कों पर विचरण करने वाले घुमंतू मवेशियों की समस्या के निराकरण के लिए की जा रही कार्रवाई की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने इसके लिए प्रभावी उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने इस संबंध में राजस्व अनुविभागीय अधिकारियों एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारियों की शीघ्र बैठक आयोजित करने की जानकारी भी दी।
शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
कलेक्टर ने जिले में केन्द्रीय विद्यालय के संचालन के लिए की जा रही कार्रवाई की जानकारी जिला शिक्षा अधिकारी से ली और प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। वहीं ओएनजीसी के लिए स्थान आवंटन की प्रक्रिया को भी शीघ्र पूरा करने को कहा।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान जिला चिकित्सालय बालोद में रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति की प्रक्रिया की जानकारी लेते हुए कलेक्टर ने इसे विशेष प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र गुरूर के पोस्टमार्टम भवन की व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए किए जा रहे कार्यों की भी समीक्षा की गई।
हाईकोर्ट प्रकरणों और स्वामित्व योजना में भी समय-सीमा का पालन
कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों से छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय से संबंधित प्रकरणों की जानकारी लेते हुए उनके निराकरण की समीक्षा की। उन्होंने सभी प्रकरणों में निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। साथ ही स्वामित्व योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्य निर्धारित समयावधि में पूरा करने कहा।
बालिकाओं के टीकाकरण और टीबी मुक्त भारत अभियान पर विशेष जोर
कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग से 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुकी बालिकाओं के सर्वाइकल कैंसर से बचाव के टीकाकरण की जानकारी ली। उन्होंने जिले की शत-प्रतिशत पात्र बालिकाओं का अनिवार्य रूप से टीकाकरण कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही टीबी मुक्त भारत अभियान की समीक्षा करते हुए सघन अभियान चलाकर निर्धारित कार्यों को पूरा करने को कहा।
बैठक में सहायक आयुक्त आदिवासी विकास से ‘आदि कर्मयोगी अभियान’ के तहत चयनित ग्रामों में आदि सेवा केन्द्रों में जनसुनवाई शिविरों के आयोजन की जानकारी भी ली गई।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक, श्री अजय किशोर लकरा एवं श्री नूतन कंवर सहित राजस्व अनुविभागीय अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।





