साइबर जागृति अभियान के तहत स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम, OTP-पिन साझा नहीं करने और संदिग्ध लिंक से बचने की दी समझाइश
बालोद, 17 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ पुलिस के “साइबर जागृति अभियान” के तहत बालोद पुलिस ने पीएम श्री स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल गुरुर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर करीब 200 छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को साइबर अपराधों और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार की जानकारी दी।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, सोशल मीडिया से जुड़े अपराधों और डिजिटल सुरक्षा के उपायों के बारे में विस्तार से बताया गया। पुलिस टीम ने विद्यार्थियों से OTP, PIN, पासवर्ड एवं बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा नहीं करने तथा अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने की अपील की।
सोशल मीडिया की सुरक्षा से लेकर साइबर ठगी की शिकायत तक दी जानकारी
विद्यार्थियों को मजबूत पासवर्ड रखने, सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करने से बचने और संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने की समझाइश दी गई। साइबर ठगी होने पर राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर तत्काल शिकायत करने की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने QR कोड स्कैन कर जागरूकता सेल्फी ली और सोशल मीडिया के माध्यम से साइबर सुरक्षा का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में साइबर सेल प्रभारी धरम भूआर्य, PSI वीणा मरावी, प्रधान आरक्षक रूमलाल चुरेंद्र सहित पुलिस टीम और विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।









