राष्ट्रीय एकता और महिला सशक्तिकरण का दिया संदेश, उत्कृष्ट विद्यार्थियों को भी किया गया सम्मानित
बालोद। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर वनांचल एवं आदिवासी ग्राम बरहीपारा के कला मंच में इस बार का ध्वजारोहण समारोह खास रहा। यहां गांव की 65 से 70 वर्ष आयु की पांच वृद्ध महिलाओं ने एक साथ ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय एकता, महिला सम्मान और सशक्तिकरण का प्रेरणादायी संदेश दिया।
शासकीय प्राथमिक शाला बरहीपारा की शिक्षिका पुष्पलता साहू द्वारा राष्ट्रीय एकता एवं महिला उत्थान की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का असर गांव में देखने को मिला। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर वृद्ध महिलाओं को ध्वजारोहण का अवसर देकर उन्हें सम्मानित किया गया। महिलाओं ने पूरे उत्साह और गौरव के साथ तिरंगा फहराया तथा राष्ट्र के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
मेधावी विद्यार्थियों का किया गया सम्मान
समारोह के दौरान शिक्षिका पुष्पलता साहू ने शासकीय प्राथमिक शाला बरहीपारा में कक्षा पहली से पांचवीं तक प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को कॉपी एवं पेन भेंट कर सम्मानित किया।
वहीं कक्षा पांचवीं बोर्ड परीक्षा में ए ग्रेड प्राप्त करने वाली कुमारी जमुना सलाम, पिता उमेश कुमार सलाम एवं माता पूर्णिमा सलाम को मोमेंटो, श्रीफल एवं पेन भेंटकर पुरस्कृत किया गया।
ग्रामीणों और बच्चों की रही सहभागिता
स्वतंत्रता दिवस समारोह में शाला स्टाफ, शाला प्रबंधन समिति के सदस्य, पालकगण, ग्रामीणजन एवं बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे। वृद्ध महिलाओं द्वारा ध्वजारोहण किए जाने से कार्यक्रम में विशेष उत्साह देखने को मिला।
बरहीपारा में आयोजित यह कार्यक्रम महिला सम्मान, सामाजिक सहभागिता, राष्ट्रीय एकता और नई पीढ़ी को प्रोत्साहित करने का सुंदर उदाहरण बनकर सामने आया।






