निःशुल्क पाठ्यपुस्तक प्रदाय योजना के तहत अधिकांश विद्यार्थियों को मिली किताबें, शेष वितरण कार्य जल्द होगा पूरा
बालोद, 17 अगस्त 2026। सत्र 2026-27 में छात्र-छात्राओं को निःशुल्क पाठ्यपुस्तक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित निःशुल्क पाठ्यपुस्तक प्रदाय योजना के अंतर्गत जिले में पाठ्यपुस्तकों के स्कैनिंग एवं वितरण का कार्य तेजी से किया जा रहा है। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि जिले के संकुल समन्वय केंद्रों एवं विद्यालयों में डिपो द्वारा पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया जा चुका है। वहीं निजी विद्यालयों द्वारा भी डिपो में जाकर पाठ्यपुस्तकें प्राप्त कर ली गई हैं।
प्राप्त पाठ्यपुस्तकों को संबंधित विद्यालयों द्वारा टीबीसी सीजी एप के माध्यम से स्कैनिंग कर छात्र-छात्राओं को वितरित किया जा रहा है। कुछ विद्यालयों में किसी विषय विशेष की पाठ्यपुस्तकों की कमी होने पर अतिशेष पाठ्यपुस्तक वाले विद्यालयों से पुस्तकों का समायोजन कर विद्यार्थियों को उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि किसी भी विद्यार्थी को पाठ्यपुस्तकों के अभाव में पढ़ाई में परेशानी न हो।
7 लाख 57 हजार 310 पुस्तकों में से 6 लाख 51 हजार 164 का वितरण
जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि 14 अगस्त 2026 की स्थिति में डिपो द्वारा कुल 7 लाख 57 हजार 310 पाठ्यपुस्तकें प्राप्त की गई हैं। इनमें से 6 लाख 51 हजार 164 पाठ्यपुस्तकों की स्कैनिंग एवं विद्यार्थियों को वितरण का कार्य पूर्ण कर लिया गया है।
उन्होंने बताया कि डिपो से प्राप्त पुस्तकों की स्कैनिंग तथा स्कैनिंग के पश्चात विद्यार्थियों को उनके वितरण की कार्यवाही तेजी से जारी है। जिले के अधिकतर विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध करा दी गई हैं। शेष पाठ्यपुस्तकों के वितरण का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है और जल्द ही जिले के सभी विद्यालयों में पाठ्यपुस्तकों का समुचित वितरण पूर्ण कर लिया जाएगा।





