DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

तांदुला जलाशय में 20 अगस्त को होगा बाढ़ आपदा का मॉक ड्रिल

सुबह 10 बजे से ग्राम सिवनी (आदमाबाद) में होगा पूर्वाभ्यास, नागरिकों से शांति बनाए रखने की अपील

बालोद, 17 अगस्त 2026। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं छत्तीसगढ़ राज्य आपदा प्राधिकरण, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग तथा जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, जिला बालोद के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार 20 अगस्त 2026 को सुबह 10 बजे ग्राम सिवनी (आदमाबाद) स्थित तांदुला जलाशय में बाढ़ आपदा के संबंध में मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा।

अपर कलेक्टर एवं राहत एवं आपदा प्रबंधन शाखा प्रभारी अधिकारी श्री अजय किशोर लकरा ने बताया कि इस मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखना तथा आम जनता को आपदा की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों के प्रति जागरूक करना है। पूर्वाभ्यास के माध्यम से आपातकालीन परिस्थितियों में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय, बचाव एवं राहत कार्यों की तैयारियों तथा सुरक्षा इंतजामों की प्रभावशीलता का परीक्षण किया जाएगा।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि मॉक ड्रिल केवल एक पूर्वाभ्यास एवं प्रशिक्षण प्रक्रिया है। अभ्यास के दौरान किसी भी प्रकार की घबराहट न करें और पूरी तरह शांति बनाए रखें। नागरिक किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा अपने आसपास के लोगों को भी सही जानकारी देने में सहयोग करें।

प्रशासन ने इस महत्वपूर्ण मॉक ड्रिल को सफल बनाने के लिए जिले के नागरिकों से पूर्ण सहयोग का अनुरोध किया है। इससे आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए विभागीय सतर्कता, आपसी समन्वय एवं सुरक्षा इंतजामों को और अधिक सुदृढ़ करने में मदद मिलेगी।

अपर कलेक्टर श्री लकरा ने बताया कि मॉक ड्रिल की तैयारियों के संबंध में 18 एवं 20 अगस्त को सुबह वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से टेबल टॉप एवं मॉक एक्सरसाइज का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को इन वीडियो कांफ्रेंसिंग में अनिवार्य रूप से उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं।

You cannot copy content of this page