जून 2026 की लिखित परीक्षा उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिए प्रशिक्षण का अवसर
बालोद, 17 अगस्त 2026। अग्निवीर थलसेना भर्ती 2026-27 के अंतर्गत लिखित परीक्षा उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा की तैयारी के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र बालोद के उपसंचालक श्री व्ही.के. केडिया ने बताया कि जिले के ऐसे अभ्यर्थी, जिन्होंने जून 2026 में आयोजित अग्निवीर थलसेना भर्ती की लिखित परीक्षा उत्तीर्ण की है, उन्हें शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि निःशुल्क शारीरिक दक्षता प्रशिक्षण प्राप्त करने के इच्छुक अभ्यर्थी रोजगार विभाग की वेबसाइट erojgar.cg.gov.in पर जाकर ‘अग्निवीर भर्ती 2026-27 शारीरिक दक्षता प्रशिक्षण (निःशुल्क)’ विकल्प पर क्लिक कर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
अभ्यर्थी प्रशिक्षण से संबंधित अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय बालोद के दूरभाष क्रमांक 07749-299509 पर संपर्क कर सकते हैं। जिला रोजगार विभाग ने पात्र एवं इच्छुक अभ्यर्थियों से समय पर ऑनलाइन आवेदन कर इस निःशुल्क प्रशिक्षण सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है।





