बालोद-कुसुमकसा के बीच DD-50 फाटक पर ट्रैक मरम्मत के चलते सड़क यातायात रहेगा प्रभावित
रायपुर, 17 अगस्त 2026। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल अंतर्गत बालोद-कुसुमकसा स्टेशनों के मध्य स्थित समपार फाटक क्रमांक DD-50, कि.मी. 929/13-14 (बालोद गेट-पाररास फाटक) पर रेलवे ट्रैक के आंशिक एवं पूर्ण मरम्मत कार्य के कारण निर्धारित अवधि में सड़क यातायात पूरी तरह बंद रहेगा।
रेलवे प्रशासन के अनुसार फाटक पर ट्रैक मरम्मत का कार्य तीन चरणों में किया जाएगा। इसके चलते अलग-अलग निर्धारित समयावधि में वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
तीन रातों में अलग-अलग समय पर बंद रहेगा फाटक
पहली अवधि: 24 अगस्त 2026, सोमवार रात 08:00 बजे से 25 अगस्त 2026, मंगलवार सुबह 08:00 बजे तक।
दूसरी अवधि: 25 अगस्त 2026, मंगलवार रात 10:00 बजे से 26 अगस्त 2026, बुधवार सुबह 07:00 बजे तक।
तीसरी अवधि: 26 अगस्त 2026, बुधवार रात 10:00 बजे से 27 अगस्त 2026, गुरुवार सुबह 08:00 बजे तक।
इन निर्धारित अवधियों के दौरान समपार फाटक क्रमांक DD-50 से सड़क वाहनों का आवागमन पूर्णतः बंद रहेगा।
पाररास अंडरब्रिज और बाईपास मार्ग से करें आवागमन
रेल प्रशासन ने आम नागरिकों एवं वाहन चालकों से अपील की है कि निर्धारित अवधि में पाररास फाटक से आवागमन न करें। यातायात के लिए पाररास अंडरब्रिज एवं बाईपास मार्ग का उपयोग किया जाए, ताकि लोगों को आवागमन में अनावश्यक परेशानी न हो।
रेलवे प्रशासन ने क्षेत्र के नागरिकों एवं वाहन चालकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि रेलवे ट्रैक की मरम्मत एवं रखरखाव का कार्य रेल परिचालन की संरक्षा तथा यात्रियों की सुरक्षित यात्रा के लिए आवश्यक है। यात्रियों एवं आम जनता की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निर्धारित अवधि में वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने का अनुरोध किया गया है।





