DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

नए कलेक्टर कुलदीप शर्मा का पहला दिन- देखिए बालोद जिले में प्रशासनिक कसावट लाने क्या- क्या कदम उठाए? अफसरों से कहा- जनता से बात करने का लहजा सुधारे,व्यवहार में मधुरता लाए,,,,

बालोद। जिले के नवपदस्थ कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने जिले के सभी अधिकारी-कर्मचारियों को शासन की सभी योजनाओं का निर्धारित समयावधि में सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जिससे कि विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का समुचित लाभ आम लोगों को मिल सके। नवपदस्थ कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने गुरुवार को कार्यभार ग्रहण करने के पश्चात् संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर उक्ताशय के निर्देश दिए हैं। श्री शर्मा ने कहा कि हम सभी का प्रयास होनी चाहिए कि शासन के सभी योजनाओं के क्रियान्वयन में हमारे जिले का प्रदर्शन अग्रणी हो। उन्होंने अपनी मांगो एवं समस्याओं को लेकर कार्यालयों में आने वाले लोगों से मधुर एवं आत्मीय व्यवहार करने तथा पूरी संवेदनशीलता के साथ उनके समस्याओं के त्वरित निराकरण की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। जिससे कि शासन-प्रशासन के प्रति आम जनता में बेहतर छवि निर्मित हो सके। बैठक में पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी डाॅ. रेणुका श्रीवास्तव, एडीएम योगेन्द्र श्रीवास सहित जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित थे। बैठक मेें कलेक्टर श्री शर्मा ने जिला स्तरीय अधिकारियों से विभागवार कार्यों के प्रगति के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने राजस्व अधिकारियों से बंटवारा, नामांतरण, सीमांकन आदि के प्रकरणों के संबंध में जानकारी लेते हुए सभी प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में आम जनता को अपने समस्याओं के निराकरण हेतु कार्यालयों का चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़नी चाहिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को पहली बार में ही कार्यालय में आने वाले लोगों के मांगो एवं समस्याओं को निराकरण के प्रयास करने के निर्देश दिए हैं। समस्याओं के निराकरण नहीं होने की स्थिति में आवेदक को उनका वाजिब कारण बताने के भी निर्देश दिए। छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक के आयोजन की समीक्षा करते हुए जिले में इसका बेहतर से बेहतर आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शिक्षा विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों की स्थिति के संबंध में जानकारी ली। श्री शर्मा ने जिला शिक्षा अधिकारी एवं कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग को अधोसंरचना से जुड़े कार्याें को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। निर्माण कार्यों में शतप्रतिशत गुणवत्ता सुनिश्चित कराने तथा गुणवत्ताहीन कार्य करने वाले ठेकेदारों को ब्लैक लिस्टेड करने को कहा। कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी से स्कूलों में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने हेतु की गई व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली तथा लापरवाह शिक्षकों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। बोर्ड परीक्षा की तैयारी की समीक्षा करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी को दसवीं एवं बारहवीं कक्षाओं के बेहतर परीक्षा परिणाम सुनिश्चित करने के लिए स्पेशल योजना बनाने के भी निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने कक्षा छठवीं से बारहवीं तक के विद्यार्थियों के जाति प्रमाण पत्र जारी करने के कार्य की भी समीक्षा की। कलेक्टर ने राजस्व अधिकारी एवं जिला शिक्षा अधिकारी को शतप्रतिशत बच्चों के जाति प्रमाण पत्र जारी करने हेतु जरूरी उपाय सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की भी समीक्षा करते हुए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को मितानिनों के पास पर्याप्त दवाईयाॅ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जिले में आम लोगों को बेहतर से बेहतर स्वास्थ्य सुविधा प्रदान करने हेतु जरूरी उपाय सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने आम लोगों तथा जिले के सुदूर अंचल के लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ दिलाने हेतु मेगा स्वास्थ्य कैम्प के आयोजन करने की भी जानकारी दी। श्री शर्मा ने कहा कि इस मेगा स्वास्थ्य कैम्प के माध्यम से लोगों के बेहतर ईलाज हेतु बाहर से विशेषज्ञ चिकित्सक बुलाया जाएगा। कलेक्टर ने आम लोगों को त्वरित स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ दिलाने हेतु जिला स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित कर उसे 24 घंटे क्रियाशील करने के निर्देश दिए। बैठक में श्री शर्मा ने जिले में बच्चों के कुपोषण दूर करने तथा एनिमिक महिलाओं को सुपोषण की श्रेणी में लाने के उपाय, धान खरीदी की तैयारी की समीक्षा तथा सेवानिवृत्त शासकीय सेवकों को समय पर पेंशन राशि की भुगतान आदि की विस्तृत समीक्षा करते हुए उनके लिए जरूरी उपाय करने को कहा।

जनदर्शन में सुनी आमलोगों की समस्याएं

संयुक्त जिला कार्यालय के जनदर्शन कक्ष में पहुंचकर आम लोगों की मांगो एवं समस्याओं को भी गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को तलब कर आम लोगों की समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु जरूरी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। कार्यभार ग्रहण करने के पश्चात् आम लोगों के समस्याओं के निराकरण हेतु जनदर्शन में पहुंचे नवपदस्थ कलेक्टर के मधुर एवं आत्मीय व्यवहार से आवेदक बहुत ही अभिभूत हुए। उन्होंने अधिकारियों को जनदर्शन में पहुंचे लोगों की मांगो और समस्याओं को पूरी संवेदनशीलता के साथ सुनने तथा उनके निराकरण हेतु कारगर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

किया जिला चिकित्सालय, सी-मार्ट, गढ़ कलेवा एवं कला केन्द्र का निरीक्षण

मरीजों को जरूरी सुविधा उपलब्ध कराने के दिए निर्देश

नवपदस्थ कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने जिला मुख्यालय बालोद में जिला चिकित्सालय एवं सी-मार्ट, गढ़ कलेवा, कला केन्द्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। श्री शर्मा जिला चिकित्सालय के विभिन्न वार्डों में पहुॅचकर अस्पताल की व्यवस्थाओं एवं मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं का पड़ताल किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों से बातचीत कर उनका हाल-चाल जाना। श्री शर्मा ने मरीजों से उनके उपचार की सुविधा के अलावा अस्पताल में उन्हें मिलने वाले भोजन, नाश्ता, शौचालय एवं स्नानागार की स्थिति के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को मरीजों के समुचित ईलाज के अलावा अन्य जरूरी सुविधाओं की उपलब्धता भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर श्री शर्मा ने जिला चिकित्सालय के पुरूष, महिला एवं शिशु वार्ड, ऑपरेशन थियेटर, दवाई वितरण कक्ष आदि का निरीक्षण किया। श्री शर्मा ने पुरूष वार्ड में भर्ती बुजुर्ग मरीज दुखुराम एवं सुदामा तथा महिला वार्ड में भर्ती मरीज निर्मला बाई तथा शिशु वार्ड में भर्ती बच्चों से बातचीत कर उनका हाल-चाल जाना। इस दौरान एस.डी.एम. शीतल बंसल, सिविल सर्जन डाॅ. श्रीमाली सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद थे। कलेक्टर श्री शर्मा ने जिला मुख्यालय बालोद स्थित सी-मार्ट पहुॅचकर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने मौके पर उपस्थित अधिकारी, कर्मचारियों से सामग्रियों की प्रतिदिन की कुल बिक्री एवं आय आदि के संबंध में जानकारी ली। श्री शर्मा ने अधिकारियों को सी-मार्ट को और अधिक बेहतर बनाने हेतु जरूरी उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान उन्होंने गढ़ कलेवा का भी निरीक्षण कर वहाॅ कार्यरत् स्वसहायता समूह की महिलाओं से गढ़ कलेवा में मिलने वाली चीजों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने मौके पर उपस्थित मुख्य नगर पालिका अधिकारी को गढ़ कलेवा परिसर में रोपे गए पौधों के सुरक्षा के उपाय सुनिश्चित करने हेतु शीघ्र काऊ कैचर बनाने के निर्देश दिए। श्री शर्मा कला केन्द्र में पहुॅचकर कला केन्द्र की गतिविधियों के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने कला केन्द्र के रिकार्डिंग स्टूडियो, वादन एवं म्यूजिक एवं चित्रकला कक्ष आदि का निरीक्षण किया। उन्होंने कला केन्द्र के व्यवस्थाओं को और अधिक बेहतर बनाने हेतु मौके पर उपस्थित एस.डी.एम. शीतल बंसल एवं अधिकारियों को आवश्यक दिशानिर्देश भी दिए।

पहले दिन ही जिले के अंतिम छोर में पहुॅचकर विकास कार्यों का लिया जायजा, बरसते पानी में राष्ट्रीय राजमार्ग के उन्नयन एवं चौड़ीकरण कार्य का किया निरीक्षण

जिले के नवपदस्थ कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने पहले दिन ही कार्यभार ग्रहण करने के पश्चात् शासन के जनकल्याणकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन और उसे अमलीजामा पहनाने हेतु पूरी गंभीरता एवं मुस्तैदी से कार्य करते नजर आए। कलेक्टर श्री शर्मा बरसते पानी में जिले के अंतिम छोर में पहुॅचकर वहाॅ चल रहे विकास कार्यों का जायजा लेकर यह बता दिया है उनकी पैनी निगाह जिले के सुदूर वनांचल एवं अंतिम छोर पर चल रहे विकास कार्यों पर भी रहेगा। जिससे कि शासन के मंशा अनुरूप जरूरतमंद लोगों एवं आम जनता तक शासन के जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुॅचने के साथ-साथ धरातल पर उसका सफल क्रियान्वयन भी सुनिश्चित हो सके। इस दौरान कलेक्टर श्री शर्मा ने मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी जिले के सीमा पर स्थित बालोद जिले के अंतिम छोर के ग्राम हितकसा में पहुॅचकर राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-930 के उन्नयन एवं चौड़ीकरण कार्य तथा विकासखण्ड डौण्डी के ग्राम भैंसबोड़ में पहुॅचकर गौठान का निरीक्षण किया। इस दौरान जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी डाॅ. रेणुका श्रीवास्तव, एस.डी.एम. मनोज मरकाम सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे। कलेक्टर श्री शर्मा जिला मुख्यालय बालोद के समीपस्थ ग्राम झलमला से मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी जिले के ग्राम शेरपार तक राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-930 के उन्नयन एवं चौड़ीकरण कार्य के अंतर्गत चल रहे कार्य का अवलोकन कर अधिकारियों को निर्धारित समयावधि में मार्ग निर्माण के कार्य को पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला मुख्यालय बालोद के अलावा कुसुमकसा एवं हितकसा आदि गाॅव में मार्ग निर्माण के कार्य का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य को निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने हेतु पर्याप्त मात्रा में संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा काम की गति को बढ़ाने के निर्देश दिए। श्री शर्मा ने मौके पर उपस्थित राष्ट्रीय राजमार्ग के प्रोजेक्ट मैनेजर प्रेमप्रकाश एवं अनुविभागीय अधिकारी विजय कुमार सोयम को प्रतिदिन इसकी प्रगति रिपोर्ट भी देने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने डौण्डी विकासखण्ड के ग्राम भैंसबोड़ के गौठान में पहुॅचकर कार्यों का जायजा लिया।

श्री शर्मा ने वहाॅ उपस्थित स्वसहायता समूह की महिलाओं से उनके द्वारा गौठान में किए जा रहे कार्यों के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने गौठान की महिलाओं से अब तक गोबर की कुल खरीदी तथा उनसे होने वाली आमदनी के संबंध में भी जानकारी ली। इसके साथ ही उन्होंने वर्मी कम्पोस्ट विक्रय से मिली राशि के उपयोग के संबंध में भी जानकारी ली। महिलाओं ने बताया कि वर्मी कम्पोस्ट विक्रय से मिली राशि का उपयोग अपने बच्चों की पढ़ाई-लिखाई एवं अन्य घरेलू कार्य में करने की जानकारी दी। श्री शर्मा ने स्वसहायता समूह की महिलाओं से गौठान में मशरूम उत्पादन के कार्यों के संबंध में भी जानकारी ली। इस दौरान श्री शर्मा ने गौठान में निर्मित वर्मी टंाका, मुर्गी शेड आदि का भी अवलोकन किया। उन्होंने स्वसहायता समूह की महिलाओं को बेहतर कार्य कर गौठान की व्यवस्था बेहतर बनाने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने गाॅव में पीडीएस दुकान का संचालन तथा पटवारी, ग्राम पंचायत सचिव एवं ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी की नियमित उपस्थिति तथा उनके कार्यों के संबंध में भी जानकारी ली।


बालोद जिले की अन्य खबरें भी पढ़े एक साथ क्लिक करें दिए गए हैडिंग्स पर, ग्रुप से जुड़ने या किसी भी तरह की खबर के लिए हमें वाट्सएप करें- 9755235270 पर

You cannot copy content of this page