DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

शर्मनाक घटना: बालोद कलेक्टोरेट परिसर में पत्रकारों के बीच विवाद:6 लोगों के खिलाफ मारपीट की FIR दर्ज, महिला पत्रकार सहित अन्य ने भी लगाए गंभीर आरोप

बालोद। संयुक्त जिला कार्यालय बालोद परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता के बाद पत्रकारों के बीच हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया है। एक ओर पत्रकार बोधन भट्ट की शिकायत पर छह पत्रकारों के खिलाफ मारपीट व धमकी का मामला दर्ज किया गया है, वहीं दूसरी ओर महिला पत्रकार मीनू साहू ने भी बोधन भट्ट के खिलाफ अभद्र व्यवहार और दुर्व्यवहार के आरोप लगाते हुए थाना प्रभारी को आवेदन दिया है। दोनों पक्षों द्वारा एक-दूसरे पर लगाए गए आरोपों के चलते मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। इस घटना को बुद्धिजीवी वर्ग शर्मनाक भी बता रहे हैं। घटना का वीडियो भी सामने आया है,जिससे पत्रकारों की यह हरकत जिले भर में चर्चा और हड़कंप की स्थिति भी बनी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम मालीघोरी दुधली निवासी एवं स्वदेश 27X7 न्यूज चैनल के जिला ब्यूरो चीफ बोधन भट्ट ने बालोद पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 10 फरवरी 2026 को वे कलेक्टर कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में शामिल होने पहुंचे थे। प्रेस वार्ता समाप्त होने के बाद शाम लगभग 4:15 बजे वे अपने बैग एवं कैमरा स्टीक को वाहन में रखने जा रहे थे। इसी दौरान परिसर में मौजूद खिलावन चंद्राकर, मीनू साहू, तरुण नाथ योगी, यशवंत निषाद, मोहन निषाद और संजय सोनी सहित अन्य लोगों ने कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से मारपीट की। रिपोर्ट में आरोप है कि कैमरा स्टीक छीनकर मारपीट की गई, जिससे उन्हें नाक, सिर, पीठ, सीना और हाथ में चोटें आईं। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 191(2), 296, 115(2) और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया है।बोधन का आरोप है कि सभी आरोपियों ने एकराय होकर मुझे तु बड़ा पत्रकार बनता है व्हाट्सअप ग्रुप में तु हमारे खिलाफ लिखने का बहुत शौंक है कहकर मुझे आज तुम्हारी सारी पत्रकारिता को घुसाड़ देते है कहते हुये अश्लील गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। इस घटना से उनके नाक, सिर, पीठ, सीना, बाएं हाथ का भुजा, बाएं हाथ के अंगुठा में चोट लगा है। घटना को मौके पर उपस्थित अन्य पत्रकार देखे सुने एवं बीच बचाव किए।

इधर महिला पत्रकार मीनू साहू ने भी थाना प्रभारी को आवेदन देकर बोधन भट्ट पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि प्रेस वार्ता के बाद बाहर बोधन भट्ट ने गाली-गलौज की। साथ ही पिछले माह एक खबर को लेकर उनके खिलाफ अभद्र टिप्पणी, अश्लील कमेंट और एसएमएस किए गए थे। मीनू साहू के अनुसार मुलाकात होते ही बोधन भट्ट आक्रोशित हो गया और गलत तरीके से छूते हुए अभद्र व्यवहार किया तथा देख लेने की धमकी दी। उन्होंने कहा कि एक महिला पत्रकार के बारे में लगातार आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने से विवाद बढ़ा और हाथापाई की स्थिति बनी। उन्होंने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर उनके आवेदन पर भी एफआईआर दर्ज करने की मांग की है, ताकि एकतरफा कार्रवाई न हो।

प्रेस रिपोर्टर क्लब के जिला अध्यक्ष तरुण नाथ योगी ने अपने ऊपर दर्ज एफआईआर को झूठा बताया है। उन्होंने कहा कि उनके नाम से झूठी एफआईआर लिखाई गई है और प्रदेश अध्यक्ष संजय सोनी को भी झूठा फंसाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि घटना के समय वे और संजय सोनी कलेक्टर मैडम के चेंबर में मौजूद थे और बुके देकर स्वागत कर रहे थे।

उनके अनुसार घटना 4:15बजे हुई, जबकि वे 4:14 बजे तक कलेक्टर कक्ष में थे और बाहर आने तक घटना हो चुकी थी। तरुण योगी ने यह भी कहा कि बालोद पुलिस ने बिना किसी जांच के एफआईआर दर्ज की है, जो कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनका और संजय सोनी का नाम जोड़कर प्रेस रिपोर्टर क्लब को बदनाम करने की साजिश रची जा रही है।

पत्रकार यशवंत निषाद का कहना है कि प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद परिसर से बाहर निकलते समय महिला पत्रकार के साथ अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज होने पर विवाद बढ़ा। वहीं मोहन निषाद ने कहा कि महिला पत्रकार के साथ बदतमीजी होने पर उन्होंने और अन्य लोगों ने बीच-बचाव किया, लेकिन समझाने के बावजूद विवाद बढ़ गया और हाथापाई की स्थिति बन गई।

एक ही घटना को लेकर दोनों पक्षों द्वारा अलग-अलग शिकायतें दर्ज कराई गई हैं। पुलिस प्रशासन सभी पहलुओं की जांच कर रहा है। इस घटना से जिले के पत्रकार जगत में हलचल मच गई है और निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है।

  • खबर और विज्ञापन, विशेष लेख और अपने व्यक्तिगत प्रचार हेतु मंथली मीडिया सपोर्ट स्कीम का लाभ लेने के लिए संपर्क करें 9755235270 एडिटर इन चीफ दीपक यादव डीबी डिजिटल मीडिया/ डेली बालोद न्यूज़

You cannot copy content of this page