केंद्रीय बजट देश के समग्र विकास का दूरदर्शी रोडमैप – अजय चंद्राकर



बालोद भाजपा कार्यालय में प्रेस वार्ता कर बजट की विशेषताओं पर रखे विस्तृत विचार

बालोद। हाल ही में पेश किए गए केंद्रीय बजट को देश के समग्र विकास की दिशा में मजबूत और दूरदर्शी कदम बताते हुए पूर्व मंत्री एवं वर्तमान कुरूद विधायक अजय चंद्राकर ने बालोद जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में बजट की प्रमुख विशेषताओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि भारत को आर्थिक रूप से सशक्त, सामाजिक रूप से संतुलित और भविष्य के लिए तैयार करने का स्पष्ट रोडमैप है।

सोमवार को जिला भाजपा कार्यालय जुंगेरा (बालोद) में आयोजित प्रेस वार्ता में विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि केंद्र सरकार का यह बजट गांव, गरीब, किसान, महिला, युवा और मध्यम वर्ग सभी के हितों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि अधोसंरचना विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देना सरकार की दीर्घकालीन सोच को दर्शाता है। सड़क, रेल, लॉजिस्टिक्स, डिजिटल नेटवर्क और शहरी-ग्रामीण कनेक्टिविटी में निवेश से आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों के लिए यह रोजगार सृजन और व्यापार विस्तार का बड़ा अवसर साबित होगा।

उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र के लिए बजट में किए गए प्रावधान किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण हैं। सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, कृषि नवाचार, भंडारण और वैल्यू एडिशन पर विशेष जोर दिया गया है। इससे किसानों को आधुनिक तकनीक से जुड़ने का अवसर मिलेगा और उनकी आय स्थिर एवं सुरक्षित होगी।

युवाओं के संदर्भ में अजय चंद्राकर ने कहा कि कौशल विकास, स्टार्टअप, नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने वाली नीतियां भारत को आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभाएंगी। यह बजट युवाओं को केवल रोजगार तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाने की सोच को आगे बढ़ाता है। उन्होंने कहा कि इससे देश में नए उद्योग और रोजगार के अवसर सृजित होंगे।

उन्होंने शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में निरंतर निवेश को समाज के विकास से जुड़ा हुआ बताते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, डिजिटल लर्निंग, स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार और पोषण योजनाएं समाज के कमजोर वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने में सहायक होंगी। महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं को उन्होंने सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन का आधार बताया।

मध्यम वर्ग के लिए कर व्यवस्था में सरलता और पारदर्शिता को उन्होंने राहत देने वाला कदम बताया। डिजिटल भुगतान, ई-गवर्नेंस और तकनीक आधारित सेवाओं के विस्तार से व्यवस्था में पारदर्शिता और भरोसा बढ़ेगा। पर्यावरण संरक्षण और हरित ऊर्जा पर दिए गए जोर को उन्होंने भविष्य की पीढ़ियों के लिए आवश्यक बताते हुए कहा कि स्वच्छ ऊर्जा और सतत विकास भारत को वैश्विक नेतृत्व की दिशा में आगे बढ़ाएंगे।

प्रेस वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष चेमन देशमुख ने भी बजट को जनहितैषी और विकासोन्मुख बताते हुए कहा कि इससे प्रदेश और जिले में विकास कार्यों को गति मिलेगी। कार्यक्रम में यज्ञ दत्त शर्मा, तारणि चंद्राकर, वीरेंद्र साहू, कृष्णकांत पवार, पवन साहू, राकेश छोटू यादव, सौरभ लूनिया, महामंत्री जितेंद्र साहू तथा जिला मीडिया प्रभारी कमल पनपालिया सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

प्रेस वार्ता के समापन में अजय चंद्राकर ने कहा कि यह बजट संतुलन और संवेदनशीलता के साथ आगे बढ़ने का संदेश देता है और आने वाले वर्षों में इसका लाभ हर वर्ग तक पहुंचेगा, जिससे भारत आर्थिक रूप से और अधिक मजबूत बनकर उभरेगा।

खबर और विज्ञापन, विशेष लेख और अपने व्यक्तिगत प्रचार हेतु मंथली मीडिया सपोर्ट स्कीम का लाभ लेने के लिए संपर्क करें 9755235270 एडिटर इन चीफ दीपक यादव डीबी डिजिटल मीडिया/ डेली बालोद न्यूज़

You cannot copy content of this page