DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

पीडब्ल्यूडी की लापरवाही से मधु चौक में अधूरा निर्माण, धूल-मिट्टी से व्यापारी परेशान,बरगद का पेड़ आधा काटकर छोड़ा, नागरिकों में आक्रोश

बालोद। नगर के व्यस्त मधु चौक क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग (PWD) की लापरवाही और ठेकेदार की निष्क्रियता से आम नागरिकों और व्यापारियों की परेशानी बढ़ती जा रही है। सड़क निर्माण कार्य शुरू होने के बाद कई दिनों से अधूरा छोड़ दिया गया है, जिससे यातायात बाधित हो रहा है और धूल-मिट्टी ने पूरे क्षेत्र को प्रभावित कर दिया है। इस स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी और आक्रोश देखा जा रहा है।

मधु चौक बालोद शहर का प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र है, जहां दिनभर लोगों की आवाजाही रहती है। सड़क निर्माण के लिए की गई खुदाई के बाद काम बंद होने से सड़क पर गड्ढे और मलबा पड़ा हुआ है। इससे न केवल यातायात प्रभावित हो रहा है, बल्कि आसपास के दुकानदारों और ग्राहकों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। व्यापारियों का कहना है कि कई दिनों से धूल-मिट्टी का साम्राज्य छाया हुआ है, जिससे दुकानों में बैठना और काम करना मुश्किल हो गया है।

स्थानीय व्यापारियों ने बताया कि दिनभर सफाई करने के बावजूद दुकानों में धूल भर जाती है। ग्राहक भी धूल और अव्यवस्था के कारण बाजार आने से बच रहे हैं, जिससे व्यापार प्रभावित हो रहा है। लोगों का कहना है कि या तो विभाग द्वारा ठेकेदार को भुगतान में देरी हो रही है या भुगतान मिलने के बाद भी ठेकेदार ने काम रोक दिया है। दोनों ही परिस्थितियों में नुकसान आम जनता और व्यापारियों को उठाना पड़ रहा है।

सबसे चिंताजनक स्थिति मधु चौक के पास स्थित वर्षों पुराने बरगद के पेड़ को लेकर सामने आई है। सड़क चौड़ीकरण के नाम पर इस पेड़ को आधा काटकर अधूरा छोड़ दिया गया है, जिससे उसके सूखने का खतरा पैदा हो गया है। नागरिकों का कहना है कि यह पेड़ चौक की पहचान था और पर्यावरण की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण था। इसे इस तरह अधूरा काटकर छोड़ देना विभाग की गंभीर लापरवाही और असंवेदनशीलता को दर्शाता है।

जागरूक नागरिक उमेश कुमार सेन ने इस स्थिति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यह जनता के धन और हित दोनों से खिलवाड़ है। उन्होंने कहा कि विभाग को तत्काल अधूरा निर्माण कार्य पूरा कराना चाहिए, बरगद के पेड़ का संरक्षण करना चाहिए और क्षेत्र में फैली धूल-मिट्टी की नियमित सफाई सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो नागरिक सामूहिक रूप से विरोध दर्ज कराएंगे।

स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने जिला प्रशासन तथा जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि मधु चौक क्षेत्र का तत्काल निरीक्षण कर निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराया जाए। साथ ही दोषी ठेकेदार और संबंधित विभागीय अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही की पुनरावृत्ति न हो और आम जनता को राहत मिल सके।

खबर और विज्ञापन, विशेष लेख और अपने व्यक्तिगत प्रचार हेतु मंथली मीडिया सपोर्ट स्कीम का लाभ लेने के लिए संपर्क करें 9755235270 एडिटर इन चीफ दीपक यादव डीबी डिजिटल मीडिया/ डेली बालोद न्यूज़

You cannot copy content of this page