बालोद। जन मुक्ति मोर्चा छत्तीसगढ़ द्वारा पेसा कानून एवं ग्रामसभा अधिकारों को लेकर तीन दिवसीय कार्यक्रम 7 फरवरी से 9 फरवरी 2026 तक आयोजित किया गया। कार्यक्रम के पहले दो दिन जन मुक्ति मोर्चा छत्तीसगढ़ की धोबेदण्ड ब्लॉक इकाई पुतरवाहीं में कार्यशाला के रूप में आयोजित किए गए, जिसमें संगठन के साथियों एवं आसपास के वनांचल ग्रामों से आए चयनित साथियों को पेसा कानून एवं ग्रामसभा अधिकारों पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यशाला में भारत जन आंदोलन के साथी विजय भाई ने प्रशिक्षण देते हुए बताया कि पांचवीं अनुसूची क्षेत्रों में ग्रामसभा को प्राप्त अधिकारों का किस प्रकार उपयोग कर ग्रामीण अपने सामाजिक, आर्थिक और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा कर सकते हैं। उन्होंने सरल भाषा में ग्रामसभा की भूमिका और पेसा कानून से मिलने वाले अधिकारों के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम के तीसरे दिन 9 फरवरी को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक दल्ली राजहरा स्थित कृषि कार्यालय में “पेसा कानून ग्रामसभा अधिकार सम्मेलन” आयोजित किया गया। सम्मेलन में मुख्य वक्ता के रूप में विजय भाई उपस्थित रहे। सम्मेलन में जन मुक्ति मोर्चा छत्तीसगढ़ के साथ छत्तीसगढ़ माइंस श्रमिक संघ (छत्तीसगढ़ मुक्ति मोर्चा) के साथी कॉमरेड राजाराम, कॉमरेड सुरेंद्र साहू सहित अन्य साथियों ने भाग लिया।
आयोजन का मुख्य उद्देश्य पेसा कानून एवं ग्रामसभा के अधिकारों को जन-जन तक पहुंचाना और ग्रामीणों को उनके संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा। जन मुक्ति मोर्चा छत्तीसगढ़ ने इस तरह के कार्यक्रमों को आगे भी जारी रखने की बात कही।
खबर और विज्ञापन, विशेष लेख और अपने व्यक्तिगत प्रचार हेतु मंथली मीडिया सपोर्ट स्कीम का लाभ लेने के लिए संपर्क करें 9755235270 एडिटर इन चीफ दीपक यादव डीबी डिजिटल मीडिया/ डेली बालोद न्यूज़












