मंगलवार-बुधवार ऑफिस में अनिवार्य उपस्थिति, गुरुवार-शुक्रवार फील्ड दौरा: कलेक्टर दिव्या मिश्रा ने अफसरों को दिए सख्त निर्देश



बालोद, 10 फरवरी 2026। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली को और अधिक सुव्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिले के सभी अधिकारियों को प्रत्येक मंगलवार एवं बुधवार को कार्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में स्पष्ट कहा कि इन दिनों कार्यालयीन नस्तियों का निराकरण, विभागीय समीक्षा तथा आम जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए। वहीं गुरुवार एवं शुक्रवार को क्षेत्रीय निरीक्षण व बाह्य कार्यों के लिए दौरा कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।

कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को कार्ययोजना बनाकर शासकीय योजनाओं के सफल क्रियान्वयन एवं निर्धारित समयावधि में कार्य संपादन सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में जिला पंचायत सीईओ सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर अजय किशोर लकरा, नूतन कंवर सहित राजस्व अनुविभागीय अधिकारी एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने बताया कि मुख्य सचिव विकासशील अगले सप्ताह से प्रदेश के जिलों का दौरा करेंगे, जिसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने 16 फरवरी को डौण्डी विकासखण्ड के ग्राम पटेली तथा 26 फरवरी को डौण्डीलोहारा विकासखण्ड के ग्राम कमकापार में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित होने की जानकारी दी। इन शिविरों में शामिल होने हेतु सभी जिला स्तरीय अधिकारी सुबह 9 बजे संयुक्त जिला कार्यालय से बस द्वारा एक साथ प्रस्थान करेंगे और किसी भी प्रकार के निजी या शासकीय वाहन का उपयोग नहीं करेंगे। शिविरों में आम जनता की समस्याओं का मौके पर निराकरण सुनिश्चित करने के लिए संबंधित गांवों की मांगों एवं आवश्यकताओं को पूर्व में संकलित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही ई-जिला प्रबंधक को आधार कार्ड निर्माण व वितरण, श्रम विभाग को योजनाओं की राशि भुगतान, राजस्व विभाग को आवेदनों के निराकरण, महिला एवं बाल विकास विभाग को अन्नप्राशन, स्वास्थ्य विभाग को आयुष्मान एवं वय वंदन कार्ड तथा खाद्य विभाग को राशन कार्ड संबंधी कार्य सुनिश्चित करने को कहा गया।

कलेक्टर ने बताया कि 16 फरवरी को ग्राम पटेली में आयोजित शिविर के साथ चावल उत्सव का शुभारंभ भी होगा। इसके लिए संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश दिए गए। बैठक में राजस्व अधिकारियों को अस्पतालों में जीवनदीप समिति की बैठक आयोजित करने, बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए ध्वनि विस्तारक यंत्रों पर प्रतिबंध लगाने हेतु आदेश जारी करने तथा 13 से 15 फरवरी तक नारागांव स्थित सियादेवी जलाशय में आयोजित सियादेवी इको एडवेंचर फेस्ट में सभी अधिकारी-कर्मचारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा गया।

इसके अलावा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु घुमन्तु मवेशियों की समस्या के निराकरण, खनिज पदार्थों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर सख्ती से रोक लगाने तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश भी बैठक में दिए गए। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने सभी अधिकारियों से समन्वय बनाकर जनहित के कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने का आह्वान किया।

खबर और विज्ञापन, विशेष लेख और अपने व्यक्तिगत प्रचार हेतु मंथली मीडिया सपोर्ट स्कीम का लाभ लेने के लिए संपर्क करें 9755235270 एडिटर इन चीफ दीपक यादव डीबी डिजिटल मीडिया/ डेली बालोद न्यूज़

You cannot copy content of this page