सियादेवी मंदिर में NSS का स्वच्छता महाअभियान: 130 स्वयंसेवकों ने संभाली सफाई की कमान, युवाओं को मिला सेवा का संदेश



बालोद। राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) जिला बालोद के तत्वावधान में बालोद से लगभग 15 किलोमीटर दूर स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल ग्राम नारागांव के समीप मां सियादेवी मंदिर प्रांगण में जिला स्तरीय भेंट-मुलाकात मिलन समारोह एवं स्वच्छता अभियान का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जिले के 11 महाविद्यालयों एवं 22 विद्यालयों में संचालित NSS गतिविधियों को और अधिक सुदृढ़ बनाना तथा स्वयंसेवकों को राष्ट्रोत्थान एवं व्यक्तित्व विकास के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम में 11 महाविद्यालयों के सक्रिय स्वयंसेवकों एवं 3 विद्यालयों के स्वयंसेवकों सहित कुल 130 स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। आयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना की जिला संगठक डॉ. लीना साहू के मार्गदर्शन एवं संरक्षण में राकेश साहू, नीतीश राज, खिलेश्वर साहू, मनीषा राणा के नेतृत्व तथा वरिष्ठ स्वयंसेवक कौशल गजेंद्र व देवेंद्र साहू के सानिध्य में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

स्वच्छता अभियान के तहत स्वयंसेवकों ने मंदिर परिसर, पार्किंग स्थल एवं पिकनिक स्पॉट के आसपास फैले प्लास्टिक, पॉलिथीन, रैपर व अन्य कचरे को एकत्रित कर उचित निपटान किया। साथ ही पर्यटकों व नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए कूड़ेदान के उपयोग के लिए प्रेरित किया और स्वच्छ पर्यटन स्थल हेतु प्रेरक नारों का वाचन किया।

इस अवसर पर जिला संगठक डॉ. लीना साहू ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं में सेवा, समर्पण, अनुशासन व नेतृत्व क्षमता का विकास करती है। उन्होंने कहा कि NSS स्वयंसेवक “Not Me, But You” की भावना के साथ समाज व राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। स्वच्छता को सतत संस्कार बताते हुए उन्होंने युवाओं से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का आह्वान किया और आयोजन की सफलता पर सभी स्वयंसेवकों को बधाई दी।

स्वच्छता अभियान के पश्चात वरिष्ठ एवं कनिष्ठ स्वयंसेवकों की समीक्षा बैठक भी आयोजित हुई, जिसमें जिला स्तर पर NSS गतिविधियों को और सक्रिय बनाने, आगामी जिला स्तरीय रक्तदान शिविर एवं सम्मान समारोह की रूपरेखा पर चर्चा की गई। संभावित रूप से 28 फरवरी को जिला स्तरीय रक्तदान व सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसके लिए विभिन्न महाविद्यालयों व विद्यालयों को दायित्व सौंपे गए।

वरिष्ठ स्वयंसेवक कौशल गजेंद्र के विशेष मार्गदर्शन में कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार कर उसे सफलतापूर्वक क्रियान्वित किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ स्वयंसेवक गजेंद्र ढीमर, लक्ष्य साहू, दीप्ति पटेल, दानेश्वर सिन्हा, रोशन, राकेश सहित सभी इकाइयों के दलनायकों व स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी रही।

कार्यक्रम में शासकीय महाविद्यालय गुरुर से डॉ. देवांगन (कार्यक्रम अधिकारी), ज्ञान विद्यापीठ गुरुर विद्यालय से श्री प्यारेलाल साहू (कार्यक्रम अधिकारी), बेलोदी महाविद्यालय से बी.के. सिन्हा (कार्यक्रम अधिकारी) की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही मंदिर ट्रस्ट के प्रबंधक का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ, जिनके सहयोग से आयोजन की सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संपन्न हुईं।

कार्यक्रम उत्साह, अनुशासन एवं सेवा भावना के साथ संपन्न हुआ और यह आयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों की सार्थक अभिव्यक्ति सिद्ध हुआ।

खबर और विज्ञापन, विशेष लेख और अपने व्यक्तिगत प्रचार हेतु मंथली मीडिया सपोर्ट स्कीम का लाभ लेने के लिए संपर्क करें 9755235270 एडिटर इन चीफ दीपक यादव डीबी डिजिटल मीडिया/ डेली बालोद न्यूज़

You cannot copy content of this page