DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

मंदिरों में चोरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, तीन मामलों में बालोद पुलिस को बड़ी सफलता

बालोद। जिले में मंदिरों में हो रही चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने में बालोद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना बालोद क्षेत्र एवं गुरूर थाना क्षेत्र में मंदिरों में चोरी करने वाले एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई नगदी राशि 3,666 रुपये बरामद की गई है। आरोपी पूर्व में भी मंदिर चोरी सहित कई मामलों में जेल जा चुका है।

पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज श्री अभिषेक शांडिल्य एवं पुलिस अधीक्षक बालोद श्री योगेश पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) बालोद श्री बोनीफॉस एक्का के पर्यवेक्षण में मंदिरों और घरों में हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में थाना प्रभारी बालोद निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई और सायबर सेल बालोद के सहयोग से आरोपी की तलाश शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने ग्राम तमोरा स्थित राधाकृष्ण मंदिर, ग्राम तमोरा के श्रीराम मंदिर तथा ग्राम परसोदा स्थित शनि मंदिर में हुई चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। आरोपी महेश यादव (33 वर्ष) निवासी ग्राम निपानी, थाना व जिला बालोद को गिरफ्तार किया गया है।

प्रकरण के अनुसार 4 फरवरी 2026 की रात अज्ञात आरोपी ने ग्राम तमोरा स्थित राधाकृष्ण मंदिर का ताला तोड़कर दान पेटी को बाहर ले जाकर उसमें रखे लगभग 5,000 रुपये चोरी कर लिए थे। इसी रात ग्राम तमोरा स्थित श्रीराम मंदिर में दीवार फांदकर प्रवेश कर दान पेटी का ताला तोड़कर करीब 7,000 रुपये की चोरी की गई थी। इसके अलावा 5-6 फरवरी की रात ग्राम परसोदा स्थित शनि मंदिर का ताला तोड़कर दान पेटी से करीब 3,000 रुपये चोरी कर ली गई थी। इन तीनों मामलों में प्रार्थियों की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई थी।

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य एवं मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी महेश यादव को पकड़कर पूछताछ की, जिसमें उसने चोरी की घटनाओं को स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से चोरी की नगदी राशि 3,666 रुपये बरामद की गई है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें चोरी, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर अपराध शामिल हैं।

पुलिस अधीक्षक बालोद श्री योगेश पटेल ने आम नागरिकों से अपील की है कि अपने घरों और मंदिरों के आसपास सीसीटीवी कैमरे अवश्य लगवाएं, ताकि इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके और आरोपियों को शीघ्र पकड़ने में सहायता मिल सके। उन्होंने कहा कि जिले में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार सतर्क है और ऐसे अपराधियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

उक्त चोरी के मामलों को सुलझाने एवं आरोपी को गिरफ्तार करने में थाना प्रभारी बालोद निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, सायबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक धरम भुआर्य तथा उनकी टीम की सराहनीय भूमिका रही।

खबर और विज्ञापन, विशेष लेख और अपने व्यक्तिगत प्रचार हेतु मंथली मीडिया सपोर्ट स्कीम का लाभ लेने के लिए संपर्क करें 9755235270 एडिटर इन चीफ दीपक यादव डीबी डिजिटल मीडिया/ डेली बालोद न्यूज़

You cannot copy content of this page