10 लाख रुपए की लागत से शाखा नहर नाली निर्माण कार्य का भूमिपूजन, जनपद सदस्य मंजू बैंस रहीं मुख्य अतिथि



बालोद। ग्राम पंचायत अरमुरकसा में 10 लाख रुपए की लागत से होने वाले शाखा नहर नाली निर्माण विकास कार्य का भूमिपूजन जनपद सदस्य मंजू बैंस के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम सरपंच श्री हलधर गोरे ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में ग्राम पटेल श्री रतन लाल ताराम एवं ग्राम पंचायत के पंचगण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत में सरपंच हलधर गोरे द्वारा सभी अतिथियों का पुष्पमाला से स्वागत कर अभिनंदन किया गया। इसके पश्चात सभी अतिथियों ने पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। निर्माण कार्य प्रारंभ करने से पूर्व जनपद सदस्य मंजू बैंस के हाथों पहला गैंती चलाकर विधिवत भूमिपूजन किया गया।

स्वागत भाषण में सरपंच हलधर गोरे ने कहा कि गांव अब विकास की राह पर धीरे-धीरे अग्रसर हो रहा है। इसी कड़ी में गांव के विकास और लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह कार्य प्रारंभ किया गया है। उन्होंने कहा कि उन्हें हमेशा जनप्रतिनिधियों का सहयोग मिलता है और उसी सहयोग से विकास की अधोसंरचना को पूरा कर पा रहे हैं। उन्होंने जनपद सदस्य मंजू बैंस का विशेष धन्यवाद देते हुए कहा कि वे गांव को विकास की धारा से जोड़ने के लिए सदैव तत्पर रहती हैं।

ग्राम पटेल रतन लाल ताराम ने कहा कि जनपद सदस्य मंजू बैंस के पास गांव के लोग जो भी कार्य लेकर जाते हैं, वे कभी निराश नहीं लौटते। पूर्व में भी जनपद सदस्य रहे श्री संजय बैंस ने गांव में लाखों रुपए के विकास कार्य कराए हैं। उन्होंने बताया कि नया पारा से मुक्तिधाम जाने वाले मार्ग पर पुलिया जर्जर हो गई थी, जिससे आवागमन में परेशानी होती थी। उस समस्या के समाधान हेतु भी जनपद सदस्य मंजू बैंस ने 10 लाख रुपए की राशि स्वीकृत कराई है। इसके लिए ग्रामवासियों ने उनका आभार व्यक्त किया।

मुख्य अतिथि जनपद सदस्य मंजू बैंस ने कहा कि उन्हें खुशी होती है जब उनके जनपद क्षेत्र में विकास कार्यों के द्वार खुलते हैं। आज एक और विकास कार्य की नींव रखी गई है। उन्होंने कहा कि यह तो शुरुआत है, बेहतर विकास के माध्यम से क्षेत्र को जिले में चहुंमुखी विकास की राह पर अग्रसर किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि गांव की हर समस्या का समाधान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के आशीर्वाद से हर संभव प्रयास कर पूरा किया जाएगा।

कार्यक्रम का संचालन पंचायत सचिव बीना टेकाम ने किया तथा आभार प्रदर्शन रोजगार सहायक भीष्म धनकर ने किया। इस अवसर पर उप सरपंच ओमप्रकाश भूआर्य, लिखन नरवास, दुर्गा रावते, भुनेश्वरी नायक, पूर्व सरपंच सरोज बाई, निर्मला बाई, गोलू जगनायक, लता निर्मलकार, योगेश निर्मलकार, बम्लेश्वरी ताराम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page