DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

जनगणना 2027 की तैयारी तेज: बालोद में 18 तकनीकी सहायक व 1 एमटीएस की होगी नियुक्ति, एजेंसियों से 12 फरवरी तक निविदा आमंत्रित

बालोद, 10 फरवरी 2026। भारत की जनगणना 2027 के कार्यों को सुचारू रूप से संपादित करने के लिए राज्य एवं जिला स्तर पर 18 तकनीकी सहायक तथा 01 बहु-कार्य कर्मचारी (एमटीएस) की नियुक्ति एजेंसी के माध्यम से पारिश्रमिक आधार पर की जाएगी। कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी कार्यालय बालोद द्वारा इस कार्य हेतु इच्छुक फर्म एवं प्लेसमेंट एजेंसियों से 12 फरवरी 2026 को दोपहर 1:30 बजे तक निविदा आमंत्रित की गई है।

अपर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी अजय किशोर लकरा ने बताया कि जनगणना 2027 के अंतर्गत मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से डेटा संग्रह, जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली पोर्टल का उपयोग, मकान सूचीकरण ब्लॉक निर्माण वेब एप्लिकेशन तथा स्व-गणना पोर्टल जैसे कार्यों के संचालन के लिए इन पदों पर नियुक्ति की जाएगी। नियुक्ति वर्ष 2027 तक के लिए एजेंसी के माध्यम से की जाएगी।

उन्होंने बताया कि निविदा प्रपत्र प्रकाशन की तिथि से 11 फरवरी तक संयुक्त जिला कार्यालय के कक्ष क्रमांक 48 में सुबह 10:30 बजे से शाम 5 बजे तक 2000 रुपये नगद भुगतान कर प्राप्त किए जा सकते हैं। प्राप्त निविदाओं को 13 फरवरी 2026 को अपराह्न 3 बजे कलेक्टर द्वारा गठित समिति की उपस्थिति में निविदाकर्ताओं के समक्ष खोला जाएगा। निर्धारित समयावधि के बाद प्राप्त निविदाओं पर विचार नहीं किया जाएगा।

निविदा प्रारूप एवं शर्तों से संबंधित विस्तृत जानकारी जिला बालोद की आधिकारिक वेबसाइट balod.gov.in पर उपलब्ध है। जिला जनगणना अधिकारी ने बताया कि छत्तीसगढ़ शासन गृह विभाग के निर्देशानुसार जनगणना 2027 दो चरणों में होगी। प्रथम चरण में अप्रैल से सितंबर 2026 तक मकान सूची एवं मकानों की गणना (एचएलओ) तथा द्वितीय चरण में फरवरी 2027 में जनसंख्या गणना (पीई) का कार्य किया जाएगा।

खबर और विज्ञापन, विशेष लेख और अपने व्यक्तिगत प्रचार हेतु मंथली मीडिया सपोर्ट स्कीम का लाभ लेने के लिए संपर्क करें 9755235270 एडिटर इन चीफ दीपक यादव डीबी डिजिटल मीडिया/ डेली बालोद न्यूज़

You cannot copy content of this page