शहीद आरक्षक वसीत कुमार रावटे की स्मृति में गृह ग्राम फागुनदाह में स्थापित हुई प्रतिमा, श्रद्धांजलि देकर किया गया नमन



बालोद। छत्तीसगढ़ पुलिस के वीर सपूत शहीद आरक्षक श्री वसीत कुमार रावटे (STF) की स्मृति में उनके गृह ग्राम फागुनदाह (सिंगनवाही) में स्मारक स्थापना एवं प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम का आयोजन सोमवार 9 फरवरी 2026 को श्रद्धा और सम्मान के साथ किया गया। कार्यक्रम में शहीद को नमन करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में क्षेत्र की माननीय विधायक श्रीमती अनिला भेड़िया, शहीद के परिजन, स्पेशल टास्क फोर्स (STF) यूनिट के अधिकारी-कर्मचारी, बालोद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तथा ग्राम के सम्मानित नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और उनके अदम्य साहस एवं बलिदान को याद किया।

शहीद आरक्षक वसीत कुमार रावटे का जन्म 26 अक्टूबर 1991 को जिला बालोद के ग्राम फागुनदाह (सिंगनवाही) में हुआ था। वे 12 अप्रैल 2016 को छत्तीसगढ़ पुलिस में आरक्षक पद पर भर्ती हुए थे। अपनी कर्तव्यनिष्ठा और बहादुरी के चलते उन्होंने 1 नवम्बर 2017 से स्पेशल टास्क फोर्स (STF) में सेवाएं देना प्रारंभ किया। वे अपने कर्तव्य के प्रति समर्पित और साहसी जवान के रूप में जाने जाते थे।

नक्सल विरोधी अभियान के दौरान उन्होंने अपने कर्तव्य का सर्वोच्च उदाहरण प्रस्तुत किया। 6 फरवरी 2025 को जिला बीजापुर के थाना फरसेगढ़ क्षेत्र अंतर्गत नक्सल विरोधी अभियान चलाया गया। इसके तहत 9 फरवरी 2025 को नेशनल पार्क क्षेत्र में पुलिस बल और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ के दौरान आरक्षक वसीत कुमार रावटे ने अदम्य साहस और वीरता का परिचय देते हुए नक्सलियों का डटकर मुकाबला किया। उन्होंने अपने साथियों की रक्षा करते हुए 6 नक्सलियों को मार गिराया, जबकि इस अभियान में कुल 31 नक्सली मारे गए। वीरतापूर्वक लड़ते हुए वे मातृभूमि की रक्षा करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए।

स्मारक स्थापना एवं प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने शहीद के बलिदान को नमन करते हुए कहा कि उनका साहस और देशभक्ति आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। बालोद पुलिस की ओर से शहीद के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की गई और हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया गया।

कार्यक्रम में एसटीएफ बघेरा से एडिशनल एसपी श्री आकाश शुक्ला (IPS), डीएसपी श्री यादराम बघेल, डीएसपी श्री सतीश ध्रुवे, बालोद पुलिस से डीएसपी श्री राजेश बागड़े, डीएसपी श्री बोनिफास एक्का सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान वातावरण श्रद्धा और सम्मान से ओतप्रोत रहा तथा सभी ने शहीद के बलिदान को नमन करते हुए उनकी स्मृति को चिरस्थायी बनाए रखने का संकल्प लिया।

खबर और विज्ञापन, विशेष लेख और अपने व्यक्तिगत प्रचार हेतु मंथली मीडिया सपोर्ट स्कीम का लाभ लेने के लिए संपर्क करें 9755235270 एडिटर इन चीफ दीपक यादव डीबी डिजिटल मीडिया/ डेली बालोद न्यूज़

You cannot copy content of this page