DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ती छात्राएं: अर्जुन्दा महाविद्यालय की छात्राओं ने लिया केक मेकिंग कौशल प्रशिक्षण

बालोद। शहीद दुर्वासा निषाद शासकीय महाविद्यालय अर्जुन्दा (जिला बालोद) में कौशल विकास एवं उद्यमिता प्रकोष्ठ द्वारा छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में दो दिवसीय “केक मेकिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम” का सफल आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण 10 से 11 फरवरी 2026 तक पंजाब नेशनल बैंक के ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (RSETI), लाभांडी रामपुर, रायपुर के सहयोग से आयोजित हुआ।

कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं के व्यावहारिक कौशल, संचार क्षमता और स्वरोजगार के प्रति जागरूकता बढ़ाना था, ताकि वे भविष्य में स्वयं का रोजगार स्थापित कर आत्मनिर्भर बन सकें। प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षिका श्रीमती मोनिका साहू एवं सहयोगी कुमारी दामिनी ने प्रतिभागियों को केक बनाने की विभिन्न विधियाँ सिखाईं। साथ ही केक मेकिंग को एक सफल लघु व्यवसाय के रूप में स्थापित करने के लिए सामग्री चयन, सजावट तकनीक, लागत निर्धारण और विपणन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी प्रदान की गई।

प्रशिक्षण में कुल 36 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। छात्राओं ने इसे अत्यंत उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण आयोजित करने की अपेक्षा व्यक्त की। कार्यक्रम के दौरान पंजाब नेशनल बैंक के प्रतिनिधि श्री तुषार सरोते ने स्वरोजगार के महत्व और बैंकिंग योजनाओं की जानकारी देते हुए छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। वहीं प्रगति आस्था सेवा संस्थान के श्री चंद्रहास साहू ने भी मार्गदर्शन प्रदान किया।

महाविद्यालय की ओर से सुश्री छाया वर्मा एवं डॉ. प्रभा यादव ने छात्राओं को सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया। समापन अवसर पर प्राचार्य डॉ. सोमाली गुप्ता एवं सहायक प्राध्यापक श्रीमती दीपिका कंवर उपस्थित रहीं। प्राचार्य डॉ. गुप्ता ने कहा कि ऐसे कौशल विकास कार्यक्रम छात्राओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अंत में प्रमाण पत्र वितरण एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का सफल समापन हुआ।

खबर और विज्ञापन, विशेष लेख और अपने व्यक्तिगत प्रचार हेतु मंथली मीडिया सपोर्ट स्कीम का लाभ लेने के लिए संपर्क करें 9755235270 एडिटर इन चीफ दीपक यादव डीबी डिजिटल मीडिया/ डेली बालोद न्यूज़

You cannot copy content of this page