DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

शिक्षा जगत में बालोद का गौरव: दारूटोला के शिक्षक लीलाधर ठाकुर को दो राष्ट्रीय सम्मान, शिक्षा व समाज सेवा से बढ़ाया जिले का मान

बालोद। शिक्षा और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देकर शासकीय प्राथमिक शाला दारूटोला (ब्लॉक-डौंडी) में पदस्थ शिक्षक एवं ग्राम पुतरवाही निवासी श्री लीलाधर ठाकुर ने बालोद जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। वर्ष 2026 में उन्हें दो प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मानों से सम्मानित किया गया, जिससे न केवल शिक्षा जगत बल्कि पूरे जिले का मान बढ़ा है।

जीवन जागृति सेवा संस्थान द्वारा नवी मुंबई में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में श्री ठाकुर को “भारतीय गौरव प्रतिभा सम्मान 2026” से नवाजा गया। यह सम्मान विद्यार्थियों के शैक्षणिक उन्नयन, नैतिक मूल्यों के संवर्धन और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में उनके निरंतर एवं समर्पित प्रयासों के लिए प्रदान किया गया। इसके साथ ही उन्हें “Padma Shree Global Excellence Award 2026” से भी अलंकृत किया गया। यह सम्मान शिक्षा, सामाजिक विकास, पर्यावरण जागरूकता तथा विद्यार्थियों को प्रेरित करने के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट एवं प्रेरणादायी कार्यों को देखते हुए दिया गया।

श्री लीलाधर ठाकुर विगत कई वर्षों से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर रहे हैं। वे केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रहकर बच्चों के नैतिक, मानसिक एवं सामाजिक विकास पर विशेष बल देते हैं। विद्यालय में नवाचारपूर्ण शिक्षण पद्धतियों के माध्यम से विद्यार्थियों को सरल और प्रभावी शिक्षा देना उनकी विशेषता है। वे विद्यार्थियों में अनुशासन, स्वच्छता और संस्कार विकसित करने के लिए निरंतर प्रेरित करते हैं तथा प्रतिवर्ष मेधावी विद्यार्थियों को सम्मान पत्र और पुरस्कार देकर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करते हैं।

शिक्षा के साथ-साथ वे समाज सेवा के क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता अभियान और सामाजिक सद्भाव के कार्यक्रमों में सहभागिता कर समाज को जागरूक करने का कार्य कर रहे हैं। जरूरतमंद विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराना और अभिभावकों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करना उनके कार्यों की प्रमुख विशेषता है।

इस अवसर पर संस्थान के संस्थापक एवं निदेशक एर. प्रदीप कुमार शर्मा तथा सह-संस्थापक एर. आकाश साहू ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि ऐसे समर्पित शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की सशक्त आधारशिला होते हैं। श्री ठाकुर की इस उपलब्धि से शिक्षा जगत में हर्ष का माहौल है और उन्हें जिले के लिए प्रेरणास्रोत माना जा रहा है।

खबर और विज्ञापन, विशेष लेख और अपने व्यक्तिगत प्रचार हेतु मंथली मीडिया सपोर्ट स्कीम का लाभ लेने के लिए संपर्क करें 9755235270 एडिटर इन चीफ दीपक यादव डीबी डिजिटल मीडिया/ डेली बालोद न्यूज़

You cannot copy content of this page