DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

Inside Story’ मंगल के दिन इस परिवार में हुआ अमंगल, एक ही झटके में उजड़ गया मांग और गोद, पिता-पुत्र की सड़क हादसे में मौत

डेंजर जोन पर हादसा, इकलौते बेटे और बाप की ट्रक की चपेट में आने से मौत

रिपोर्ट- हरिवंश देशमुख,मालीघोरी(बालोद)।
मालीघोरी से बालोद मार्ग पर जुझारा नाला (मालीघोरी) के पास डेंजर जोन पर सड़क हादसे में बाप-बेटे की मृत्यु हो गई। मृतक पिता लोकेश तिवारी उम्र 38 वर्ष व उनका 4 वर्षीय बेटा दक्ष कुमार ग्राम मालीघोरी का रहने वाला था। पिता अपने पुत्र के साथ स्कूल से बाइक पर बालोद से लौट रहा था। जो अपने बेटे को मधु चौक पर संचालित ड्रीम इंडिया स्कूल से लाने के लिए गया था। बेटा केजी वन क्लास में पढ़ाई करता था। जहां से 12 बजे वह अपने बेटे को लेकर घर मालीघोरी लौट रहा था। लेकिन घर पहुंचने से कुछ ही दूरी पर जुझारा नाला के पास 10 चक्का ट्रक ने अपने चपेट में ले लिया जिससे दोनों की मौत हो गई। इस घटना से गांव में शोक का माहौल है तो वहीं मृतक दक्ष इस परिवार का इकलौता बेटा था। मृतक की पत्नी नोमेश्वरी का रो-रो कर बुरा हाल है। क्योंकि एक ही झटके में उनका सुहाग और गोद दोनों उजड़ गया। वही परिवार के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं। रोज की तरह बेटा सुबह स्कूल वैन में स्कूल गया था। लेकिन स्कूल से वापसी को लेकर वैन दोपहर 3:00 बजे चलती है जिसे देखते हुए हमेशा की तरह परिवार के लोग बाइक से ही बच्चे को लाने के लिए जाते थे। मंगलवार को भी इसी तरह पिता अपने इकलौते बेटे को घर लाने के लिए बालोद गया हुआ था। लेकिन किसे पता था कि यह मंगल का दिन आज इनके लिए अमंगल हो जाएगा। ट्रक की चपेट में आने से मौके पर ही पिता-पुत्र दोनों की दर्दनाक मृत्यु हो गई। जिससे इस मार्ग पर घंटे भर के लिए ट्रैफिक जाम भी रहा। घटना की जानकारी मिलने के बाद बालोद पुलिस और यातायात की पुलिस भी मौके पर पहुंची और व्यवस्था बनाने का प्रयास किया गया ।वहीं पिता-पुत्र के शव को उठाकर पुलिस की गाड़ी से ही बालोद जिला अस्पताल के मर्च्युरी भिजवाया गया।

डेंजर जोन के बाद भी लापरवाही बरतते हैं वाहन चालक

बता दें कि जहां पर घटना हुई है वह जिले में डेंजर जोन के रूप में चिन्हित है ।पुलिस प्रशासन द्वारा इसको लेकर पहले भी सचेत किया जा चुका है। तो वहीं आए दिन यहां हादसे होते रहते हैं। पर लापरवाही पूर्वक वाहन चलाने से घटनाएं दोबारा घट जाती है। इस मामले में किसकी मुख्य लापरवाही पाई गई है यह तो स्पष्ट नहीं हुआ है। पर तेज रफ्तार और अंधा मोड़ घटना की प्रमुख वजह मानी जा रही है। वहीं बाइक चालक पिता हेलमेट भी नहीं पहने हुए थे। बालोद पुलिस का कहना है कि ट्रक चालक तो अपने साइड पर था मोड़ की वजह से बाइक और ट्रक में टक्कर हुई और यह हादसा हुआ है।

ब्रेकर बनाने की उठ रही मांग

घटनास्थल पर ब्रेकर बनाने की मांग भी उठ रही है। क्योंकि लोग मोड के बाद भी रफ्तार कम नहीं करते हैं ।और इस तरह के हादसे होते हैं। अगर ब्रेकर हो तो पुल के पास पहुंचने से पहले लोग रफ्तार कम करेंगे और हादसे भी कम हो सकते हैं।

चालक ने किया थाने जाकर सरेंडर

घटना के बाद ट्रक चालक घबरा गया और वहां से भाग निकला। जो बाद में फिर बालोद थाने जाकर खुद को आत्मसमर्पण किया। पुलिस एक्सीडेंट का मामला दर्ज कर आगे की जांच कर रही है। बालोद थाना प्रभारी नवीन बोरकर का कहना है कि मोड़ और तेज रफ्तार के कारण हादसा हुआ है। लोगों को वहां पर सावधानी बरतनी चाहिए वह डेंजर जोन भी है। ब्रेकर बनवाने की दिशा में प्रयास किया जाएगा।

स्टॉपर व संकेतक लगाकर करेंगे पहल- यातायात प्रभारी

इस घटना पर चिंता जाहिर करते हुए जिला यातायात प्रभारी दिलेश्वर चंद्रवंशी ने बताया कि घटना दुखद है। ऐसा नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यातायात विभाग की ओर से वहां स्टॉपर और संकेतक लगाकर हादसा कम करने का प्रयास किया जाएगा। लोगों को भी सावधानी बरतनी होगी। वह डेंजर जोन है ।उस जगह पर एकदम से ब्रेकर भी बनाना मुश्किल होगा। क्योंकि वहां मोड भी है। इसे देखते हुए स्टॉपर लगाकर खतरे को टालने का प्रयास किया जाएगा। वहीं यातायात के नियमों का पालन करना बहुत जरूरी है लोगों को इसे समझना होगा।

बालोद जिले की यह खबरें भी पढ़ें हेडिंग पर क्लिक कर एक साथ

You cannot copy content of this page