भाजपाइयों व किसानों ने 3 दिन तक दिया निपानी बैंक के सामने धरना, आश्वासन देने पहुंचे दुर्ग से अफसर, पढ़िए कितनों दिनों में मिल पाएगा किसानों को पैसा



सीईओ व अध्यक्ष ने कहा डेढ़ से 2 महीने में सब का पैसा मिलना शुरू हो जाएगा, चल रही है जांच

बालोद। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शाखा निपानी में हुए करोड़ों की हेराफेरी के मामले में तीसरे दिन भी धरना प्रदर्शन शाम तक चला। किसानों के समर्थन में जिले के भाजपाई बैंक के सामने धरना दे रहे थे। लेन-देन 3 दिन से प्रभावित रहा। इस बढ़ते राजनीतिक दबाव के चलते अंततः जिला सहकारी केंद्रीय बैंक दुर्ग के अफसरों को भी किसानों को समझाने के लिए आना पड़ा। किसानों का कहना था कि आश्वासन तो पहले भी मिला है कि जल्द पैसा मिल जाएगा।

लेकिन आज 1 महीने हो गए पैसा किसानों को नही मिला है। पीड़ित किसानों की संख्या 500 के करीब है। इस पर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक दुर्ग से आए अध्यक्ष जवाहरलाल ने आश्वस्त किया कि जांच चल रही है। जिसमें डेढ़ से 2 माह लगेंगे। इसके बाद हफ्ते में 2 दिन 60-60 किसानों का पैसा खाते में डलना शुरू हो जाएगा। बैंक की सीईओ ब्यास ने भी इसी तरह का आश्वासन दिया व जल्द से जल्द विभागीय जांच करवाने की बात कही। किसानों वह भाजपाइयों ने भी इस जांच की रिपोर्ट देने की बात कही। जिस पर किसानों का प्रतिनिधिमंडल तय किया गया। 5 किसानों की एक प्रतिनिधि टीम बनाई गई। जो अधिकारियों से रोज जांच रिपोर्ट लेगी कि कितने खातों की जांच हुई और कितने शेष हैं। आगे क्या प्रक्रिया हो रही है। आश्वासन के बाद भाजपाइयों ने धरना समाप्त किया। उम्मीद जताई कि अब किसानों को उनका पैसा मिल पाएगा। इस बैंक में बालोद ही नहीं बल्कि गुंडरदेही ब्लॉक के किसानों का पैसा फसा हुआ है। जिसके चलते गुंडरदेही के पूर्व विधायक वीरेंद्र साहू ने भी इस मामले को पुरजोर तरीके से उठाया था। तो वही किसानों के समर्थन में जिले भर से भाजपाई नेता भी यहां प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे थे।

इस दौरान प्रमुख रुप से जिला भाजपा अध्यक्ष कृष्णकांत पवार, पूर्व विधायक प्रीतम साहू, वीरेंद्र साहू, पवन साहू, भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष प्रेम साहू, महामंत्री वीरेंद्र साहू सहित अन्य नेता और कार्यकर्ता व बैंक से जुड़े हुए किसान मौजूद रहे। किसानों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी धरना स्थल पर तैनात रहा। भाजपाइयों ने अल्टीमेटम दे रखा था कि अगर किसानों का पैसा जल्द नहीं मिला तो झलमला तिराहे पर चक्का जाम करेंगे।

जानिए क्या था मामला

दरअसल एक माह पूर्व बालोद जिले के ग्राम निपानी जिला सहकारी केंद्रीय बैंक में घोटाले का मामला उजागर हुआ। जिसके बाद जांच शुरू हुआ तो पता चला कि 500 से अधिक किसानों के राशि को बैंक के अधिकारी कर्मचारियों ने गबन कर लिया है। जिसके बाद किसानों में हड़कंप मच गया। जिसके बाद मुख्य आरोपी कैशियर अजय भेड़िया गिरफ्तार हो गया है पर किसानों को जल्द रकम वापसी की कोई उम्मीद नजर नहीं आ रही है। 4 से 5 किसानों का ही पैसा उस समय वापस आया पर बाकी कब तक आएगा कुछ पता नहीं है। जब पुलिस ने मामले का खुलासा किया तो उस समय मीडिया को भी यही बताया गया था कि चार-पांच किसानों का ₹18 लाख 30 हजार गबन की पुष्टि हुई है बाकी 500 के करीब आवेदन किसानों का पेंडिंग है। उनके खातों में भी हेराफेरी हुई है। आंकड़ा लाखों-करोड़ों में जा सकता है लेकिन अब तक उन किसानों का पैसा नहीं मिला है। इसी बात को लेकर मुद्दा बनाते हुए भाजपाइयों ने सरकार और बैंक प्रबंधन को घेरना शुरू किया है।

बालोद जिले की ये बड़ी खबरें भी एक साथ पढ़े, हेडिंग पर क्लिक करें, खबर व विज्ञापन के लिए संपर्क करें- 9755235270

You cannot copy content of this page