स्टैंप पेपर पर किए वचन निभा रहे पार्षद सुमित शर्मा, कार्यकाल का एक साल पूरा होते ही वार्ड में दिखा विकास का असर



बालोद। नगर के वार्ड क्रमांक 12 में जनसेवा और विकास कार्यों की सकारात्मक तस्वीर सामने आई है। पार्षद सुमित शर्मा के कार्यकाल का एक वर्ष पूरा होने पर उनके द्वारा चुनाव के समय स्टैंप पेपर पर किए गए वचनों को पूरा करने की पहल वार्डवासियों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। चुनाव के दौरान पार्षद ने स्टैंप पेपर पर वार्ड के विकास और जनहित से जुड़े कई वादे किए थे, जिन्हें अब एक-एक कर पूरा किया जा रहा है।

पार्षद सुमित शर्मा ने बताया कि जनता से किया गया वादा उनके लिए केवल घोषणा नहीं बल्कि जिम्मेदारी है। इसी भावना के साथ उन्होंने वार्ड में विभिन्न सरकारी योजनाओं और मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए कार्य किए हैं। कार्यकाल के एक वर्ष के भीतर कई योजनाओं का लाभ सीधे वार्डवासियों तक पहुंचाया गया है।

श्रमिक वर्ग को योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से वार्ड में श्रम विभाग का विशेष कैंप आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 100 लोगों का श्रम कार्ड बनाया गया और उनकी केवाईसी प्रक्रिया पूरी कराई गई। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को आवास उपलब्ध कराया गया, जिससे कई गरीब परिवारों का पक्का घर का सपना साकार हुआ। वहीं 110 से अधिक लोगों को राशन कार्ड का लाभ दिलाकर उन्हें सरकारी खाद्यान्न योजना से जोड़ा गया।

पार्षद निधि से वार्ड के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर 16 कुर्सियां लगवाई गईं और पेयजल समस्या के समाधान के लिए बोरिंग करवाकर जल व्यवस्था मजबूत की गई। स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए नालियों की नियमित साफ-सफाई करवाई जा रही है, जिससे वार्ड में स्वच्छ वातावरण बना हुआ है।

सामाजिक दायित्व निभाते हुए चार कन्याओं को 2100-2100 रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई तथा बेटियों के जन्म पर दो परिवारों को 1100-1100 रुपये की सहायता दी गई। चार गणेश समितियों को 5100-5100 रुपये की सहायता देकर धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया गया। वार्ड में जहां-जहां स्ट्रीट लाइट की कमी थी, वहां लाइट लगवाकर रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था की गई।

गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले परिवारों के लिए भी संवेदनशील पहल की गई। आकस्मिक मृत्यु की स्थिति में 2100 रुपये की सहायता देने के वचन को निभाते हुए आठ परिवारों को सहायता राशि दी गई तथा आकस्मिक चिकित्सा की स्थिति में नौ परिवारों को एम्बुलेंस की व्यवस्था कर त्वरित सहायता उपलब्ध कराई गई।

पार्षद सुमित शर्मा ने कहा कि उनका उद्देश्य वार्ड के प्रत्येक व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ पहुंचाना है। आगे भी वार्ड क्रमांक 12 और शहरवासियों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे। वार्डवासियों ने भी पार्षद के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि स्टैंप पेपर पर किए गए वचनों को पूरा करना जनप्रतिनिधि की जवाबदेही और ईमानदारी का प्रतीक है।

━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━ 📰 No.1 Web Media in CG | DAILY BALOD NEWS & DB DIGITAL MEDIA NEWS CHANNEL ━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━
खबर और विज्ञापन, विशेष लेख और अपने व्यक्तिगत प्रचार हेतु मंथली मीडिया सपोर्ट स्कीम का लाभ लेने के लिए संपर्क करें 9755235270 एडिटर इन चीफ, दीपक यादव डीबी डिजिटल मीडिया/ डेली बालोद न्यूज़

You cannot copy content of this page