DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

बालोद पुलिस की सख्ती: डेढ़ माह में 94 शराबी वाहन चालकों पर कार्रवाई, 9.68 लाख का अर्थदंड

बालोद। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बालोद पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत विगत डेढ़ माह में शराब सेवन कर वाहन चलाने वाले 94 वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की गई है। इन सभी मामलों को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां कुल 9,68,000 रुपये का अर्थदंड लगाया गया।

पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन में, अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) बोनीफास एक्का और यातायात प्रभारी निरीक्षक रविशंकर पाण्डेय के नेतृत्व में यह अभियान संचालित किया जा रहा है। यातायात शाखा और सभी थाना-चौकी प्रभारियों की संयुक्त टीम द्वारा जिलेभर में लगातार जांच और जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।

अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 2569 वाहन चालकों पर कार्रवाई करते हुए 15,67,400 रुपये का समन शुल्क वसूला गया। इनमें से बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले 151 चालकों पर 80,000 रुपये का चालान किया गया। शराब सेवन कर वाहन चलाने वाले 94 चालकों के विरुद्ध न्यायालयीन कार्रवाई कर उन्हें दंडित किया गया।

पुलिस द्वारा जानकारी दी गई कि शराब पीकर वाहन चलाने के प्रथम अपराध पर 10,000 रुपये जुर्माना और छह माह तक की सजा का प्रावधान है, जबकि द्वितीय अपराध पर 15,000 रुपये जुर्माना और दो वर्ष तक की सजा हो सकती है। साथ ही, ऐसे चालकों का ड्राइविंग लाइसेंस छह माह के लिए निलंबित किया जा रहा है। दोबारा शराब पीकर वाहन चलाते पाए जाने पर लाइसेंस स्थायी रूप से निरस्त करने की प्रक्रिया भी अपनाई जाएगी।

यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि शराब सेवन कर वाहन न चलाएं, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन न चलाएं, सीट बेल्ट का उपयोग करें, वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग न करें और नाबालिगों को वाहन न चलाने दें। इसके साथ ही रात्रि में वाहन चलाते समय अपर-डिपर का उपयोग करने, संयमित गति बनाए रखने और वाहन के आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की भी अपील की गई है।

बालोद पुलिस ने कहा है कि आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━ 📰 No.1 Web Media in CG | DAILY BALOD NEWS & DB DIGITAL MEDIA NEWS CHANNEL ━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━ खबर और विज्ञापन, विशेष लेख और अपने व्यक्तिगत प्रचार हेतु मंथली मीडिया सपोर्ट स्कीम का लाभ लेने के लिए संपर्क करें 9755235270 एडिटर इन चीफ, दीपक यादव डीबी डिजिटल मीडिया/ डेली बालोद न्यूज़

You cannot copy content of this page