DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

तेज रफ्तार का कहर: सड़क हादसे में 23 वर्षीय युवक की मौके पर मौत, गांव में पसरा मातम

नेमन साहू, डौण्डीलोहारा । वनांचल क्षेत्र से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हुए सड़क हादसे में 23 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर व्याप्त है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मिली जानकारी के अनुसार मंगचुवा थाना क्षेत्र के ग्राम मुंढोर्री निवासी नागेश यादव पिता मोहन लाल यादव (उम्र 23 वर्ष) रविवार शाम अपने ही गांव मुंढोर्री के छोटे पारा से बड़े पारा में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने मोटरसाइकिल क्रमांक CG 24 E 5207 से जा रहे थे। इसी दौरान शाम लगभग 6:30 बजे के आसपास एक अज्ञात मोटरसाइकिल सवार ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि नागेश यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही मंगचुवा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

मंगचुवा थाना के प्रधान आरक्षक विकास सिंह राजपूत ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी गई है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

इस हृदय विदारक घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाह वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

✒️✒️✒️✒️✒️✒️
खबर और विज्ञापन, विशेष लेख और अपने व्यक्तिगत प्रचार हेतु मंथली मीडिया सपोर्ट स्कीम का लाभ लेने के लिए संपर्क करें 9755235270 एडिटर इन चीफ दीपक यादव डीबी डिजिटल मीडिया/ डेली बालोद न्यूज़

You cannot copy content of this page