DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

सिंगारपुर की महिला कमांडो ने कायम रखी 16 साल पुरानी परंपरा, खुद फहराती हैं तिरंगा

सामाजिक बुराइयों के खिलाफ अभियान से लेकर जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार तक, महिला कमांडो निभा रहीं अहम भूमिका

डौंडी लोहारा। देशभक्ति और सामाजिक जागरूकता की मिसाल पेश करते हुए विकासखंड डौंडी लोहारा के ग्राम सिंगारपुर की महिला कमांडो टीम पिछले 16 वर्षों से लगातार स्वतंत्रता दिवस पर स्वयं ध्वजारोहण करती आ रही है। इस वर्ष भी महिला कमांडो ने उत्साह और देशभक्ति के साथ अपने गांव में तिरंगा फहराकर स्वतंत्रता दिवस मनाया।

2010 से निभा रहीं परंपरा

महिला कमांडो पद्मश्री शमशाद बेगम ने बताया कि सिंगारपुर सहित आसपास के गांवों में महिला कमांडो सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने, अच्छी गतिविधियों को प्रोत्साहित करने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को जरूरतमंद और पात्र लोगों तक पहुंचाने का प्रयास करती हैं।

महिला कमांडो कौशिल्या ने बताया कि उनकी टीम में 10 सदस्य हैं। वर्ष 2010 से गुड़ी चौक में महिला कमांडो स्वयं ध्वजारोहण करती आ रही हैं। उन्होंने कहा कि हर वर्ष तिरंगा फहराना उनके लिए गौरव और खुशी का अवसर होता है। इस दौरान ग्रामीण भी उनका उत्साह बढ़ाते हुए कार्यक्रम में सहभागी बनते हैं।

नारों के साथ गांव में करती हैं भ्रमण

महिला कमांडो कचरी बाई ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उन्हें गांव में आयोजित कार्यक्रमों में आमंत्रित किया जाता है। महिला कमांडो पूरे उत्साह के साथ देशभक्ति के नारे लगाते हुए गांव की गलियों में भ्रमण करती हैं और लोगों को सामाजिक जागरूकता का संदेश देती हैं।

10 महिलाओं की टीम निभा रही जिम्मेदारी

सिंगारपुर की महिला कमांडो टीम में गंगा साहू, तीज यादव, त्रिवेणी निषाद, कुंज सेन, पदमा ठाकुर, गीता ठाकुर, मोहिनी पटेल, कुसुम निषाद, सेवंती निषाद और कौशिल्या शामिल हैं। इन महिलाओं ने वर्षों से सामाजिक जागरूकता और राष्ट्रभक्ति के कार्यों को अपनी जिम्मेदारी के रूप में आगे बढ़ाया है।

16 वर्षों से जारी यह परंपरा बताती है कि देशभक्ति केवल बड़े आयोजनों तक सीमित नहीं, बल्कि गांव की महिलाएं भी अपने स्तर पर राष्ट्रप्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी की मजबूत मिसाल कायम कर सकती हैं।

You cannot copy content of this page