भरदाखुर्द, कुरदी और सुखरी में तीन वारदातों का खुलासा; 4 विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल
गुण्डरदेही। ग्राम भरदाखुर्द, कुरदी एवं सुखरी क्षेत्र में टावरों से केबल चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का गुण्डरदेही पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है, जबकि वारदात में शामिल 4 विधि से संघर्षरत बालकों को नियमानुसार बाल न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से 96.680 किलोग्राम चोरी की केबल वायर, जिसकी कीमत करीब 80 हजार रुपये है, बरामद की गई है। इसके अलावा चोरी में प्रयुक्त पिकअप, मोटरसाइकिल और स्कूटी भी जब्त की गई हैं। बरामद संपत्ति की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है।
टावर से केबल चोरी की सूचना से खुला मामला
मामला 13 अगस्त का है। प्रार्थी प्रीनेष कुमार साहू ने थाना गुण्डरदेही में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ग्राम भरदाखुर्द स्थित टावर का नेटवर्क बंद होने पर जांच की गई। इसी दौरान ग्राम गुरेदा के पास संदिग्ध लोगों को टावर की केबल काटकर चोरी करते देखा गया। पुलिस टीम को देखकर आरोपी स्कूटी और केबल वायर छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से पहुंची पुलिस गिरोह तक
पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना एवं एसडीओपी गुण्डरदेही राजेश बागड़े के पर्यवेक्षण में थाना गुण्डरदेही और साइबर सेल बालोद की संयुक्त टीम गठित की गई।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर वारदात में प्रयुक्त स्कूटी और पिकअप वाहन की पहचान की। पूछताछ और लगातार पतासाजी के बाद पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंची।
पूछताछ में आरोपियों ने योजना बनाकर रेकी करने के बाद भरदाखुर्द, कुरदी और सुखरी क्षेत्र में केबल चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया।
वाहन समेत चोरी का माल जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 96.680 किलोग्राम केबल वायर के अलावा पिकअप क्रमांक CG 04 PM 2170, मोटरसाइकिल एक्सट्रीम क्रमांक CG 04 DB 3196 और स्कूटी क्रमांक CG 07 BF 4709 जब्त की है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने पूर्व में भी केबल चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है।
चार नाबालिग भी वारदात में शामिल
जांच में गिरोह के साथ 4 विधि से संघर्षरत बालकों की संलिप्तता भी सामने आई। उनकी पहचान गोपनीय रखते हुए नियमानुसार कार्रवाई कर उन्हें बाल न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
साइबर सेल और गुण्डरदेही पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
इस कार्रवाई में थाना गुण्डरदेही से निरीक्षक रविशंकर पाण्डेय, सउनि राघवेन्द्र सिंह, आरक्षक यशवंत देशमुख, आरक्षक पंकज तारम तथा साइबर सेल बालोद से सउनि धरम भूआर्य, प्रधान आरक्षक भुवनेश्वर मरकाम, विवेक शाही, रूमलाल चुरेन्द्र, आरक्षक विपिन गुप्ता, राहुल मनहरे, भोपसिंह साहू, मिथलेश साहू सहित पुलिस टीम का विशेष योगदान रहा।
गुण्डरदेही पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चोरी एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त गिरोहों के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।












